आगरा (ब्यूरो) : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रिवर कनेक्ट कैंपेन के सदस्यों ने यमुना आरती स्थल पर मां यमुना की विशेष आरती और पूजा-अर्चना का आयोजन किया। इस अवसर पर महिला शक्ति के योगदान और समाज में उनकी भूमिका को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की यमुना संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी को प्रेरणादायक बताया गया।

कार्यक्रम में अभियान से जुड़ीं डॉ. ज्योति खंडेलवाल, पद्मिनी अय्यर, निधि पाठक और रिमझिम वर्मा का सम्मान गोस्वामी नंदन श्रोतरीय और पर्यावरणविद् डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य ने पटुका ओढ़ाकर किया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी न केवल समाज में जागरूकता बढ़ाती है बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी मजबूत बनाती है।
इस अवसर पर दिनेश शर्मा, चतुर्भुज तिवारी, विशाल झा, अमित लवानिया, दीपक राजपूत, मुकेश चौधरी और राकेश गुप्ता ने विधि-विधान से मां यमुना का दुग्धाभिषेक किया। सभी ने यमुना नदी में अविरल और स्वच्छ जल प्रवाह, नदी संरक्षण और विश्व शांति के लिए प्रार्थना की।
रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक बृज खंडेलवाल ने बताया कि यह अभियान 2014 से निरंतर यमुना आरती, सफाई अभियान, पतंग उत्सव, जनजागरण रैली, मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आगरा वासियों को यमुना नदी से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान की प्रमुख मांगों में नदी में बैराज निर्माण, घाटों का जीर्णोद्धार और नियमित डिसिल्टिंग शामिल हैं।
पर्यावरणविद् डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य ने बताया कि रिवर कनेक्ट कैंपेन का वार्षिक उत्सव 28 और 29 मार्च को यमुना आरती स्थल पर धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, जनजागरण कार्यक्रम और यमुना संरक्षण के महत्व पर चर्चा आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम ने महिला भागीदारी और समाज में उनके योगदान को उजागर करते हुए यह संदेश दिया कि महिलाओं का सक्रिय सहयोग किसी भी अभियान को सफल बनाने में निर्णायक भूमिका निभाता है। आगरा वासियों ने इस पहल की सराहना की और महिलाओं को प्रेरित करने वाले इस अभियान को प्रेरणास्त्रोत बताया।

