आगरा(ब्यूरो) अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल सशक्तिकरण समिति आगरा के सहयोग से आईएमए भवन में महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और शिक्षा पर पैनल चर्चा आयोजित की। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक भूमिका पर विचार साझा किए और समाज में नारी शक्ति को सशक्त बनाने का संदेश दिया। इस आयोजन ने महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान के महत्व को उजागर करते हुए उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

पैनल चर्चा में विभिन्न चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने नारी शक्ति के कई पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। डॉ राकेश भाटिया ने “मातृ शक्ति” विषय पर कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज के संस्कार और संवेदनशीलता की वाहक होती है। उन्होंने बताया कि मातृ शक्ति समाज के मूल्यों और भावनाओं को संजोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

डॉ दीप्तिमाला ने “नारी उत्थान में शिक्षा का महत्व” पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा महिलाओं को आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और सामाजिक नेतृत्व प्रदान करती है। एक शिक्षित महिला अपने परिवार के साथ-साथ पूरे समाज का विकास सुनिश्चित करती है। डॉ रवि पचौरी ने “एक सफल नारी के पीछे एक पुरुष का हाथ” पर चर्चा करते हुए कहा कि समाज में वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब पुरुष और महिला दोनों सहयोग और सहभागिता से आगे बढ़ें।

डॉ वंदना कालरा ने “आर्थिक आत्मनिर्भरता का महत्व” पर कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त महिला परिवार और समाज दोनों को मजबूत बनाती है। इससे महिला को अपने निर्णय स्वतंत्र रूप से लेने का अधिकार प्राप्त होता है और उसके आत्मसम्मान में वृद्धि होती है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ ओ.पी. यादव ने “IMA आगरा का नारी शक्ति को नमन” विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज के स्वास्थ्य और संवेदनशीलता को मजबूत कर रही है। IMA आगरा हमेशा महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी इस दिशा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा।
IMA Agra के अध्यक्ष डॉ पंकज नगायाच ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का सही मापदंड महिलाओं की स्थिति और सम्मान होता है। सचिव डॉ रजनीश मिश्रा ने बताया कि महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर ध्यान देना आज के समय की सबसे बड़ी सामाजिक आवश्यकता है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ स्वाति द्विवेदी ने प्रभावी और सुचारु रूप से किया। पैनल चर्चा में IMA के पदाधिकारी, चिकित्सक और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया।
इस आयोजन से महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला और समाज में नारी शक्ति की अहमियत पर प्रकाश डाला गया।

