आगरा। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान (CM Yuva) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रही है और उन्हें केवल रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
जनपद आगरा में इस योजना के तहत 2950 उद्यम स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। युवाओं ने इस पहल में जबरदस्त उत्साह दिखाते हुए लगभग 7000 आवेदन किए हैं। अब तक 2560 प्रकरण स्वीकृत किए जा चुके हैं और लगभग 2500 लाभार्थियों को ऋण वितरण किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने बताया कि योजना के तहत 21 से 40 वर्ष आयु के युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा दी जा रही है और सरकार की ओर से 10% अनुदान (सब्सिडी) प्रदान किया जा रहा है। इससे युवा बिना किसी आर्थिक बोझ के अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। इस पहल ने युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया है और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए हैं। अब तक कई उद्यम स्थापित किए जा चुके हैं, जैसे ब्यूटी पार्लर, धूपबत्ती निर्माण, रेस्टोरेंट और कैटरिंग सेवाएँ, जो यह दिखाते हैं कि युवा न केवल अपने लिए रोजगार पैदा कर रहे हैं बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान युवाओं के लिए केवल योजना नहीं बल्कि सपनों को साकार करने का अवसर है। जनपद प्रशासन 2950 उद्यम स्थापित करने के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी पात्र युवाओं को लाभ पहुंचाने में तेजी से कार्य कर रहा है।
उन्होंने नगर निगम, नगर निकाय, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत, पार्षदगण, ग्राम प्रधान, बैंक शाखाओं, स्वयं सहायता समूहों और सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों व संस्थाओं से अपील की कि वे व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाकर युवाओं को अधिक से अधिक आवेदन करने हेतु प्रेरित करें।
