आगरा। सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज (SNMC) के महिला छात्रावास में छात्राओं के स्वास्थ्य और पोषण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर के दौरान एमबीबीएस की 60 छात्राओं के हीमोग्लोबिन स्तर की जांच की गई।

जांच के बाद छात्राओं को आयरन की टैबलेट्स वितरित की गईं और उन्हें इसके नियमित सेवन के लाभों के बारे में जानकारी दी गई।
स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर एवं महिला छात्रावास की वार्डन डॉ. रुचिका गर्ग ने छात्राओं के साथ एक प्रश्नोत्तरी (Q&A) सत्र आयोजित किया। इस सत्र में छात्राओं को आयरन के प्राकृतिक स्रोतों और एनीमिया से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से समझाया गया। डॉ. रुचिका गर्ग ने बताया कि यह पहल छात्राओं को एनीमिया मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी के लिए अब प्रत्येक सोमवार को 60 छात्राओं की नियमित जांच की जाएगी।
प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए कॉलेज प्रशासन सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों से छात्राओं को अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहने में मदद मिलेगी और उन्हें पोषण संबंधी सही आदतें अपनाने के लिए मार्गदर्शन मिलेगा।
