आगरा। एस एन मेडिकल कॉलेज के न्यूरोसर्जरी विभाग ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 9 वर्षीय बच्चे के जटिल ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया है। बच्चे के मस्तिष्क में मौजूद दुर्लभ और जटिल क्रैनियोफैरिंजियोमा ट्यूमर की आधुनिक तकनीक से स्कल बेस सर्जरी की गई। सर्जरी के बाद बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. गौरव धाकरे ने बताया कि क्रैनियोफैरिंजियोमा मस्तिष्क के सबसे कठिन ट्यूमर में से एक होता है, जिसकी सर्जरी तकनीकी रूप से अत्यंत चुनौतीपूर्ण होती है, विशेषकर कम उम्र के बच्चों में। डॉ. मयंक अग्रवाल ने बताया कि यह ट्यूमर मस्तिष्क की महत्वपूर्ण रक्त नलिकाओं और नसों से चिपका हुआ था, जिससे ऑपरेशन के दौरान विशेष सावधानी और सूक्ष्म तकनीक की आवश्यकता पड़ी। डॉ. तरुणेश शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के ट्यूमर के सफल उपचार के लिए ऑपरेशन से पहले, दौरान और बाद का प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, जो केवल मजबूत टीम वर्क से ही संभव है।
इस जटिल सर्जरी को एस एन मेडिकल कॉलेज के न्यूरोसर्जरी विभाग की विशेषज्ञ टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जिसमें डॉ. राहुल सिंह और डॉ. ललित कुमार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। सर्जरी के दौरान एनेस्थीसिया विभाग की टीम – डॉ. मिहिर गुप्ता, डॉ. लवप्रिया और डॉ. प्रभा – ने मरीज का कुशलतापूर्वक एनेस्थेटिक प्रबंधन किया।
सर्जरी के बाद उत्पन्न हार्मोनल असंतुलन से जुड़ी जटिलताओं का सफल प्रबंधन एंडोक्रिनोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र तिवारी ने किया। ऑपरेशन के पश्चात बच्चे को SS ICU में रखा गया, जहाँ डॉ. अतिहर्ष अग्रवाल के नेतृत्व में 24 घंटे सतत निगरानी और गहन चिकित्सा देखभाल प्रदान की गई।
कॉलेज के प्रिंसिपल एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की आधुनिक सुविधाओं, अनुभवी चिकित्सकों और समन्वित टीम वर्क का प्रमाण है। बच्चे को आगे के उपचार और नियमित फॉलो-अप के लिए रेडियोथेरेपी विभाग में रेफर किया गया है।
