• Sat. Apr 18th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra, Gwalior Highway, Accident:आगरा-ग्वालियर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, डंपर की टक्कर से पति-पत्नी की मौत

Agra Gwalior Highway accident near Malpura where dumper hit bike killing couple
Spread the love

आगरा। आगरा-ग्वालियर हाईवे पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौत हो गई। हादसा थाना मलपुरा क्षेत्र के नगला माकरौल के पास शाम करीब 5:45 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को उपचार के लिए सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

A tragic accident on Agra-Gwalior Highway killed a couple after a dumper hit their bike near Malpura. Three children were left orphaned in the crash.

मृतकों की पहचान मुरैना जिले के थाना बसैया अंतर्गत ग्राम जिगनी निवासी 40 वर्षीय मुकेश यादव और उनकी पत्नी सीमा के रूप में हुई है। बताया गया है कि दंपति बमरौली अहीर गांव में एक रिश्तेदार के निधन पर शोक व्यक्त करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नगला माकरौल के पास यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों के अनुसार, हादसा स्थल के पास इन दिनों सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के कारण वन-वे व्यवस्था लागू की गई है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना मलपुरा के अपराध निरीक्षक सचिन जावला ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है, तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक दंपति अपने पीछे 15, 12 और 10 वर्ष के तीन मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से एक ही झटके में माता-पिता का साया उठ गया। गांव में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *