ट्रेनों में जगह के लिए धक्कामुक्की, दरवाजों पर लटककर सफर करने को मजबूर यात्री
त्योहार पर रोडवेज ने बढ़ाए बसों के फेरे
चालक-परिचालकों को 4800 रुपये तक प्रोत्साहन और वेतन अग्रिम देने की व्यवस्था
आगरा। दीपावली और छठ पूजा पर घर पहुंचने की जल्दी में मुसाफिरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ट्रेनों में जनरल कोच की खिड़कियों और दरवाजों तक यात्री लटके नजर आ रहे हैं। आगरा फोर्ट स्टेशन पर मरुधर एक्सप्रेस में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्कामुक्की हुई। कोच पहले से खचाखच भरे होने के कारण कई यात्रियों को दरवाजों पर लटककर सफर करना पड़ा।

वहीं, बसों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने अतिरिक्त फेरे लगाने की तैयारी की है। छह से 17 नवंबर तक विशेष बस संचालन होगा। पूर्वांचल से लेकर दिल्ली, जयपुर, कानपुर और लखनऊ तक के यात्रियों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी दिल्ली तक लगाई गई है। चालक-परिचालकों को 4800 रुपये तक प्रोत्साहन राशि और वेतन अग्रिम देने की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद त्योहार पर घर पहुंचने के लिए यात्रियों को ट्रेनों और बसों में जगह पाने की जद्दोजहद करनी पड़ रही है।http://up-news-festival-rush-train-passengers-hanging-doors-bus-arrangements
जनरल कोच में चढ़ने के लिए मची धक्कामुक्की, दरवाजों पर लटके यात्री
बृहस्पतिवार शाम 6:45 बजे मरुधर एक्सप्रेस आगरा फोर्ट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची तो जनरल कोच की तरफ यात्रियों की भीड़ दौड़ पड़ी। हर किसी को पहले ट्रेन में चढ़कर सीट पाने की जल्दी थी। कोई दरवाजे से अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था तो कोई खिड़की के सहारे जगह बनाने में जुटा था।

कोच पहले से खचाखच भरे थे। ऐसे में अंदर जगह बनाना मुश्किल हो गया। ट्रेन का ठहराव कम होने के कारण कई यात्री दरवाजों पर लटककर ही सफर करने लगे। भीड़ के बीच महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भी परेशानी उठानी पड़ी। सीट पाने की जल्दबाजी में यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
छोटे प्लेटफार्म पर पीछे छूट जाते हैं जनरल कोच
आगरा फोर्ट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो और तीन की लंबाई कम होने के कारण लंबी ट्रेनों के सभी कोच प्लेटफार्म पर नहीं आ पाते। मरुधर एक्सप्रेस के जनरल कोच पीछे की तरफ रह जाते हैं। ऐसे में यात्रियों को कोच तक पहुंचने के लिए प्लेटफार्म पर दौड़ लगानी पड़ती है।
कई बार यात्री पटरी की तरफ से कोच में चढ़ने की कोशिश करते हैं। त्योहारों पर भीड़ बढ़ने के साथ यह परेशानी और गंभीर हो जाती है। ट्रेन के पहुंचते ही यात्रियों का एक साथ जनरल कोच की तरफ बढ़ना दुर्घटना का खतरा पैदा करता है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए पीछे तक पहुंचना और भीड़ के बीच ट्रेन में चढ़ना चुनौती बन जाता है।
पूर्वांचल के लिए बढ़ेंगे बसों के फेरे, दिल्ली में भी लगेगी आगरा के कर्मचारियों की ड्यूटी
ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच रोडवेज ने यात्रियों को राहत देने के लिए छह से 17 नवंबर तक विशेष बस संचालन की तैयारी की है। पूर्वांचल के साथ दिल्ली, जयपुर, कानपुर और लखनऊ जाने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। त्योहार के बाद वापसी करने वालों की संख्या के अनुसार भी बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल देव ने बताया कि आगरा क्षेत्र के छह डिपो की बसों का रूटवार आवंटन कर दिया गया है। सभी डिपो के अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। विशेष संचालन को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई है। आगरा क्षेत्र के कर्मचारियों की ड्यूटी दिल्ली में भी लगाई गई है, जिससे वहां यात्रियों को बसें उपलब्ध कराने में मदद मिल सके।
आईएसबीटी पर कंट्रोल रूम, बसों की उपलब्धता पर रखेंगे नजर
विशेष बस संचालन के लिए आईएसबीटी पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां से बसों के संचालन पर नजर रखी जाएगी। किसी रूट पर बसों की कमी या दूसरी परेशानी सामने आने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि बसों का मेंटेनेंस कराया जा रहा है। कुछ बसों की मरम्मत पूरी हो चुकी है। डीजल और इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ईटीएम) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि रास्ते में बस खराब होने या टिकट व्यवस्था में परेशानी आने पर यात्रियों को दिक्कत न हो।
आईएसबीटी और सैटेलाइट बस अड्डे से इन रूटों पर संचालन
आईएसबीटी से कानपुर, लखनऊ, दिल्ली, नोएडा, इटावा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, एटा और कासगंज आदि रूटों के लिए बसें चलेंगी। वहीं, सैटेलाइट बस अड्डे से अलीगढ़ और हाथरस की ओर जाने वाली बसों का संचालन होगा। इसके अलावा मुरादाबाद, बरेली, बदायूं और बुलंदशहर समेत अन्य रूटों पर भी बसें उपलब्ध रहेंगी।
भैया दूज पर आसपास के जिलों के लिए यात्रियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। बसों की मांग और शिकायत दर्ज कराने के लिए रोडवेज ने टोल फ्री नंबर 1800 180 2877 और व्हाट्सऐप नंबर 9415049606 जारी किया है।
4800 रुपये तक प्रोत्साहन, संविदा कर्मचारियों को पांच हजार रुपये अग्रिम
त्योहारों पर अतिरिक्त बसों के संचालन के लिए रोडवेज ने चालक-परिचालकों और तकनीकी कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। छह से 17 नवंबर तक निर्धारित ड्यूटी पूरी करने वाले चालक-परिचालकों को 11 दिन काम करने पर 4400 रुपये और 12 दिन ड्यूटी करने पर 4800 रुपये दिए जाएंगे।
अतिरिक्त किलोमीटर चलने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान किया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों में 3300 किलोमीटर संचालन पूरा करने पर 1000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। तकनीकी कर्मचारियों को 2100 से 2500 रुपये तक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल देव ने बताया कि संविदा चालक-परिचालकों को अधिकतम पांच हजार रुपये और कार्यशाला में काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों को दो हजार रुपये तक वेतन अग्रिम दिया जाएगा। इसका भुगतान छह नवंबर से शुरू होगा। कार्यदिवसों की गणना ड्यूटी रोस्टर के आधार पर की जाएगी। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के क्षेत्रीय मंत्री चंद्र हंस सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देने की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
