आगरा। मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए, इसके लिए चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को रोल प्रेक्षक एवं आगरा मंडल के आयुक्त नगेंद्र प्रताप ने एत्मादपुर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण, युवा एवं महिला मतदाताओं के फॉर्म-6 और ईपी रेशियो की तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही ऑनलाइन फीडिंग में नाम और विवरण दर्ज करते समय विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी।
रोल प्रेक्षक नगेंद्र प्रताप ने एत्मादपुर स्थित उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय सहित विभिन्न बूथों पर पहुंचकर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति जानी। उन्होंने बीएलओ से अब तक किए गए कार्यों और नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान ईपी रेशियो (इलेक्ट्रोरल पॉपुलेशन रेशियो) से जुड़ी तैयारियों के बारे में भी पूछा।https://todaynewstrack.com/2026/11/etmadpur-roll-observer-blo-inspection/
मंडलायुक्त ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और महिला मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। पात्र युवाओं और महिलाओं से अधिक से अधिक फॉर्म-6 भरवाए जाएं, ताकि कोई भी अर्ह नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। बीएलओ पूरी ईमानदारी, नैतिकता और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
ऑनलाइन फीडिंग में नाम और पते की गलती न हो
मंडलायुक्त ने ऑनलाइन फीडिंग में होने वाली गलतियों को लेकर बीएलओ को आगाह किया। उन्होंने कहा कि मतदाता का नाम, पता और अन्य विवरण दर्ज करते समय विशेष सावधानी बरती जाए। नाम की वर्तनी में गलती होने से भविष्य में मतदाता को सूची में अपना नाम खोजने में परेशानी हो सकती है। इसलिए आवेदन प्राप्त करने से लेकर ऑनलाइन डाटा दर्ज करने तक प्रत्येक जानकारी सही होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना जरूरी है। इसमें प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना चाहिए। किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से नहीं छूटना चाहिए।
17 नवंबर को हुआ था आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया गया है। आलेख्य प्रकाशन की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस के तहत सभी बूथों पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बीएलओ उपस्थित रहे।http://agra-voter-list-revision-inspection
नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और पहले से दर्ज नाम या विवरण में संशोधन तथा पते के स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 का प्रावधान है। नए मतदाता के पंजीकरण के लिए आवेदन के साथ फोटो और आयु व निवास से संबंधित आवश्यक दस्तावेज देने होते हैं।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी एत्मादपुर सुमित सिंह मौजूद रहे।
