आगरा। सर्वजन सनातन पार्टी (ससपा) ने आगरा से उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक गतिविधियों की शुरुआत करते हुए प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीबीआई निदेशक एम. नागेश्वर राव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी की विचारधारा, भारत पुनर्निर्माण योजना और संगठन विस्तार की रूपरेखा रखी।
उन्होंने कांग्रेस, भाजपा, सपा और बसपा की नीतियों पर सवाल उठाते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, आरक्षण, किसानों की आय और आगरा में उद्योगों की स्थापना को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धताएं बताईं।
सर्वजन सनातन पार्टी ने आगरा से उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक गतिविधियों का औपचारिक आगाज किया है। संजय प्लेस स्थित पीएल पैलेस होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीबीआई निदेशक एम. नागेश्वर राव ने घोषणा की कि पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।https://todaynewstrack.com/2026/10/saspa-agra-entry-up-assembly-election-403-seats-agra-up-news/
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी न तो भाजपा की बी-टीम है और न ही कांग्रेस या किसी अन्य राजनीतिक दल की। पार्टी शासन की दिशा बदलने, सभ्यतागत पुनर्जागरण, समान न्याय और सबकी समृद्धि के माध्यम से भारत के पुनर्निर्माण के उद्देश्य से राजनीति में आई है।

राव ने कहा कि देश को ऐसे राजनीतिक विकल्प की आवश्यकता है, जो भारतीय संस्कृति, सांस्कृतिक चेतना, सनातन मूल्यों और राष्ट्र के समग्र विकास को केंद्र में रखकर काम करे।
सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय की भावना के साथ पार्टी समाज के सभी वर्गों के हितों को लेकर आगे बढ़ेगी। भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सनातन जीवन मूल्यों के साथ राष्ट्र का विकास पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कांग्रेस पर धर्मनिरपेक्षता से विश्वासघात करने, भाजपा पर हिंदुत्व के दावों पर खरा नहीं उतरने तथा सपा और बसपा पर जाति और पहचान की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। कहा कि इन चारों दलों में से किसी ने भी देश को वास्तविक विकल्प नहीं दिया है। ससपा इस स्थिति को बदलने के उद्देश्य से राजनीति में उतरी है।
राव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज नहीं, बल्कि बुलडोजर का राज चल रहा है। बुलडोजर को कानून-व्यवस्था का पर्याय बना दिया गया है, जबकि बुलडोजर न्याय का विकल्प नहीं हो सकता।
अरुण पचौरी को बनाया आगरा जिलाध्यक्ष
पार्टी ने संगठन विस्तार की दिशा में एडवोकेट अरुण पचौरी को आगरा जिला अध्यक्ष घोषित किया। उन्हें जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने और नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश उपाध्यक्ष रितु राठौर और वीरेंद्र दुबे भी मौजूद रहे।
कामधेनु के चार आधारों पर भारत पुनर्निर्माण योजना
पार्टी ने भारत पुनर्निर्माण योजना को कामधेनु के चार पैरों के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया। राव के अनुसार कामधेनु भारत की समृद्धि का सभ्यतागत प्रतीक है। इस योजना के चार प्रमुख आधार हैं। इनमें सभी के लिए सर्वोत्तम गुणवत्ता वाली निःशुल्क शिक्षा, सभी के लिए सर्वोत्तम गुणवत्ता वाली निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं, प्रत्येक व्यक्ति के लिए आजीविका की व्यवस्था और भारत को उसकी सभ्यतागत पहचान से दोबारा जोड़ना शामिल है।
आरक्षण और परिवार से जुड़ी नीतियों में बदलाव का प्रस्ताव
पार्टी की अन्य प्रमुख प्रतिबद्धताओं में समाज को बांटने वाले कानूनों को समाप्त करना शामिल है। राव ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और यूजीसी विनियमों सहित उन कानूनों को निरस्त करने की बात कही, जिनके बारे में पार्टी का मानना है कि उनसे सामाजिक विभाजन बढ़ता है।
पार्टी ने जाति आधारित आरक्षण की व्यापक समीक्षा के बाद इसे समाप्त कर इसके स्थान पर आवश्यकता आधारित आरक्षण यानी युक्त-आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव रखा है। इसके साथ ही गोमाता को राज्य माता और राष्ट्रमाता घोषित करने की प्रतिबद्धता जताई गई।http://sarvjan-sanatan-party-agra-political-launch-contest-all-403-up-assembly-seats-agra-up-news
परिवार को समाज की आधारभूत संस्था के रूप में मान्यता देने, परिवार आयकर (फैमिली इनकम टैक्स) लागू करने और परिवार को कमजोर करने वाले कानूनों को निरस्त करने की बात भी पार्टी की नीतियों में शामिल है।
किसानों को प्रति एकड़ न्यूनतम आय की गारंटी
किसानों के लिए पार्टी ने प्रति एकड़ न्यूनतम सुनिश्चित आय देने का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत वास्तविक खेती करने वाले किसान की आय निर्धारित मानक से कम रहने पर सरकार की ओर से अंतर की भरपाई किए जाने की बात कही गई है।
टीटीजेड प्रतिबंधों में राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएगी पार्टी
आगरा के औद्योगिक विकास और रोजगार के मुद्दे पर राव ने ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) के प्रतिबंधों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इन प्रतिबंधों के कारण नए उद्योगों की स्थापना रुक गई है और पहले से संचालित उद्योगों का विस्तार भी प्रभावित हुआ है। इससे आगरा की अर्थव्यवस्था ठहर गई है और युवाओं को रोजगार तथा अवसरों की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ताजमहल की सुरक्षा का अर्थ आगरा के भविष्य की बलि देना है और क्या पर्यावरणीय प्रतिबंधों के नाम पर युवाओं को रोजगार से वंचित रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों और प्रभावी प्रदूषण नियंत्रण प्रणालियों से युक्त उद्योगों की स्थापना की अनुमति दिलाने के लिए कड़े पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों के साथ सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।
रविवार को खेरागढ़ में संगठन विस्तार की सभा
पार्टी की ओर से एक नवंबर को खेरागढ़ के नगरा उदईया रोड स्थित राजमहल गार्डन में संगठन विस्तार के लिए सभा आयोजित की जाएगी। दोपहर 11 बजे से होने वाले इस कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का विमोचन भी किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि सभा में संगठन को मजबूत बनाने, नए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा पार्टी की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
