फतेहाबाद। पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मिश्रा ने शनिवार को फतेहाबाद क्षेत्र की बृहद गौशाला कौलारा कलां, स्वारा बृहद गौशाला और नगरचंद गौशाला का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निराश्रित और बीमार गोवंश के रखरखाव, स्वास्थ्य सुधार, हरे चारे और नियमित चिकित्सा जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी गौआश्रय स्थलों में खड़ंजा, अतिरिक्त शेड निर्माण, पुराने शेड की मरम्मत, सफाई और रंगाई-पुताई के काम गोवर्धन पूजा से पहले पूरे कराने को कहा। साथ ही ब्लॉकवार कैटल कैचर टीम के साथ अभियान चलाकर सड़कों और खेतों में घूम रहे निराश्रित गोवंश का संरक्षण करने तथा गोचर भूमि को कब्जामुक्त कर गौआश्रय स्थलों से जोड़ने के निर्देश दिए।
शनिवार को पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मिश्रा ने क्षेत्र की गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बृहद गौशाला कौलारा कलां, स्वारा बृहद गौशाला और नगरचंद गौशाला का निरीक्षण कर निराश्रित और बीमार गोवंश के रखरखाव, स्वास्थ्य सुधार और बेहतर संरक्षण की व्यवस्था देखी। उन्होंने गायों के लिए हरे चारे की व्यवस्था, नियमित चिकित्सा जांच और बीमार गोवंश के लिए अलग से विशेष देखभाल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि मौसम ठीक है और मानसून समाप्ति की ओर है। ऐसे में वीबी-जी-राम जी के अंतर्गत कार्य कराया जाना उचित होगा। उन्होंने सभी गौआश्रय स्थलों में कार्ययोजना बनाकर खड़ंजा, अतिरिक्त शेड निर्माण, पुराने शेड की मरम्मत, सफाई और रंगाई-पुताई सहित सभी कार्य गोवर्धन पूजा से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित बीडीओ, नगर पालिका और नगर पंचायत के ईओ, सीवीओ, डिप्टी सीवीओ, पशुधन कल्याण अधिकारी और एएमए जिला पंचायत को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों और खेतों में नहीं मिले। ब्लॉकवार कैटल कैचर टीम के साथ सघन अभियान चलाकर निराश्रित गोवंश का संरक्षण किया जाए।
अपर मुख्य सचिव ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद की समस्त गोचर भूमि को कब्जामुक्त कराकर जनपद में संचालित सभी अस्थायी और स्थायी गौआश्रय स्थलों से लिंक कराने के निर्देश भी दिए।

