आगरा।आगरा से दशहरे की छुट्टी पर मसूरी घूमने निकले पांच दोस्तों की थार रविवार तड़के सहारनपुर में हादसे का शिकार हो गई। नागल थाना क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास तेज रफ्तार थार डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।
हादसे में साहिल तिवारी (25), राहुल सिंह (25) और सक्षम गौतम (22) की मौत हो गई, जबकि सचिन और हेमंत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों चचेरे भाई हैं और सहारनपुर जिला अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल और पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। बेटों के शव देखकर राहुल और सक्षम के पिता फूट-फूटकर रो पड़े। साहिल घर का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से मां और बहन बेसुध हो गईं।

रात नौ बजे आगरा से मसूरी के लिए निकले थे पांचों दोस्त
हादसे में घायल सचिन ने बताया कि वह नोएडा में नौकरी करता है। दशहरे की छुट्टी पर घर आया था। शनिवार रात करीब नौ बजे पांचों दोस्त आगरा से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। थार उसका चचेरा भाई हेमंत वर्मा चला रहा था। सचिन आगे वाली सीट पर उसके बगल में बैठा था, जबकि साहिल तिवारी, राहुल सिंह और सक्षम गौतम पीछे बैठे थे।
सचिन के मुताबिक, सफर के दौरान वह सो गया था। उसे पता नहीं चला कि गाड़ी अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से टकरा गई। जब उसकी आंख खुली तो उसने खुद को सड़क पर पड़ा पाया। उसे बाद में पता चला कि थार का एक्सीडेंट हो गया है। हादसे में उसके साथ सफर कर रहे तीन दोस्तों की जान चली गई, जबकि वह और हेमंत घायल हो गए।https://todaynewstrack.com/2026/10/agra-news-five-friends-thar-accident-three-dead-two-injured-mussoorie-up-news/
धमाके की आवाज सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविवार तड़के करीब चार बजे थार तेज रफ्तार में बेलड़ा गोल चक्कर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो थार पलटी हुई थी। गाड़ी के शीशे टूटकर सड़क पर बिखरे पड़े थे और अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। वाहन की हालत देखकर लग रहा था कि थार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई।

हादसे में दो युवक पुल के नीचे जा गिरे थे। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए उसके दरवाजे तोड़े। कुछ लोग पुल के नीचे उतरे और वहां गिरे दोनों युवकों को उठाकर ऊपर लाए। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से सहारनपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। सचिन और हेमंत का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है।
राहुल के पिता बोले, घर आने को कहा था, लेकिन नहीं माना
राहुल के पिता गोपाल सिंह ने बताया कि उनका बेटा शनिवार दोपहर करीब तीन बजे गाड़ी लेकर घर से निकला था। रात करीब आठ बजे उन्होंने फोन किया तो राहुल ने कहा कि वह अभी घर आ रहा है। कुछ देर बाद राहुल ने दोबारा फोन कर घूमने जाने की बात बताई। पिता ने उसे घर लौटने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना और दोस्तों के साथ निकल गया।
गोपाल सिंह ने बताया कि रविवार सुबह करीब पांच बजे परिवार को हादसे की जानकारी मिली। कमला नगर में रहने वाले उनके भतीजे ने फोन कर बताया कि राहुल का एक्सीडेंट हो गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद परिवार के लोग जानकारी करने के लिए पहुंचे। राहुल पांच भाई-बहनों में था। बेटे की मौत की खबर से परिवार पूरी तरह टूट गया। पोस्टमॉर्टम हाउस में बेटे का शव देखकर पिता फूट-फूटकर रोने लगे।राहुल टेढ़ी बगिया का रहने वाला था और एक निजी अस्पताल में कंपाउंडर के रूप में काम करता था।
सक्षम के पिता को अस्पताल पहुंचने पर मिली मौत की खबर
सक्षम के पिता राजेंद्र गौतम ने बताया कि सक्षम दो बेटों में बड़ा था। शनिवार को वह ड्यूटी से घर लौटे तो सक्षम ने बताया कि उसे तीन दिन की छुट्टी मिली है और वह मसूरी घूमने जा रहा है। इसके बाद शाम करीब सात बजे वह अपने साथियों के साथ घर से निकल गया।

राजेंद्र गौतम के मुताबिक, रविवार सुबह पुलिस ने फोन कर बताया कि उनका बेटा अस्पताल में भर्ती है। उन्हें लगा कि सक्षम को चोट लगी होगी और उपचार के बाद वह ठीक हो जाएगा। इसी उम्मीद के साथ परिवार अस्पताल पहुंचा, लेकिन वहां बेटे की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सक्षम कमला नगर का रहने वाला था और सनफार्मा क्लासिक कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर काम करता था।
साहिल दो दिन पहले आया था आगरा, पिता बीएसएफ में अधिकारी
साहिल तिवारी के मौसा ब्रह्मानंद ने बताया कि साहिल का आगरा में मकान है। वह कभी-कभी अपने मकान को देखने के लिए आगरा आता था। दो दिन पहले ही वह आगरा आया था। साहिल घर का इकलौता बेटा था। उसके पिता बीएसएफ में अधिकारी हैं और वर्तमान में बेंगलुरु में तैनात हैं। साहिल अपनी मां और बहन के साथ दिल्ली में रहता था।
हादसे में साहिल की मौत की खबर मिलने के बाद मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पोस्टमॉर्टम हाउस में शव देखकर दोनों बेसुध हो गईं। परिवार के लिए यह हादसा बड़ा सदमा बन गया है। साहिल शांतिनगर का रहने वाला था।
तेज रफ्तार की आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगा हादसे का कारण
एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि नागल थाना क्षेत्र में थार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आई है। हालांकि, वाहन किस कारण अनियंत्रित हुआ और डिवाइडर से टकराने के बाद कैसे पलटा, इसकी सही जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
