प्रसव के बाद बच्ची को किया गया था रेफर, परिजन निजी अस्पताल ले गए
अधीक्षक ने दिए मामले की जांच के आदेश
फतेहाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद में बुधवार को प्रसव के बाद नवजात बच्ची की मौत को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स पर लापरवाही बरतने के साथ सुविधा शुल्क लेने और अतिरिक्त रुपये मांगने का आरोप लगाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पीड़ित पिता ने सीएचसी अधीक्षक को मुख्य चिकित्साधिकारी आगरा के नाम शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव चाचीपुरा खंडेर निवासी अरुण कुमार पुत्र संतोष कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह पत्नी सीनू देवी को प्रसव पीड़ा होने पर सरकारी एंबुलेंस से सुबह करीब छह बजे सीएचसी फतेहाबाद लेकर पहुंचे थे। सुबह 8:53 बजे सीनू देवी ने बच्ची को जन्म दिया। अरुण कुमार का आरोप है कि प्रसव से पहले स्टाफ नर्स ने उनसे दो हजार रुपये सुविधा शुल्क के रूप में लिए। बच्ची के जन्म के बाद परिजनों ने नवजात को देखने की बात कही, लेकिन उन्हें बच्ची नहीं दिखाई गई। https://todaynewstrack.com/2026/10/agra-news-fatehabad-news-newborn-death-chc-negligence-allegation/
आरोप है कि इसके बाद पांच हजार रुपये की अतिरिक्त मांग भी की गई। करीब दो घंटे बाद बच्ची की हालत खराब होने की जानकारी मिली। परिजन नवजात को लेकर फतेहाबाद के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद परिजन बच्ची का शव लेकर सीएचसी पहुंचे और स्टाफ नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। पीड़ित पिता ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान को शिकायती पत्र सौंपकर संबंधित स्टाफ नर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं स्टाफ नर्स ने भी परिजन पर आरोप लगाते हुए बताया कि चार-पांच लोग रुम में घुस आए थे और गाली-गलौज करते हुए वीडियो बना रहे थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद के अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान से बात करने पर बताया बुधवार सुबह 8:53 पर महिला ने बच्ची को जन्म दिया था।
उसके बाद बच्ची को आगरा रेफर किया गया था लेकिन परिजन के द्वारा नवजात बच्ची को अपनी मर्जी से प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था वहां उसकी मौत हो गई है रुपए लेने की जानकारी परिजन ने दी है जांच कर संबंधित स्टाफ नर्स के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

