आगरा। आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर पर ट्रेन के संचालन की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ा है। फूल सैय्यद चौराहा स्थित मेट्रो डिपो से सदर बाजार मेट्रो स्टेशन तक तीन किलोमीटर लंबी डाउन लाइन पर ट्रेन का सफलतापूर्वक ट्रायल रन किया गया।
पहली बार मेट्रो ट्रेन मॉल रोड से गुजरी तो इसे देखकर लोगों में उत्सुकता और उमंग दिखाई दी। इस दौरान ट्रेन को सदर बाजार स्टेशन तक ले जाने के बाद वापस डिपो में लाया गया। अब अप लाइन पर ट्रैक बिछाने का काम अंतिम चरण में है। ट्रैक, ट्रेक्शन और सिग्नलिंग सहित शेष कार्य पूरे होने के बाद इस लाइन पर भी ट्रायल रन किया जाएगा।https://www.jagran.com/uttar-pradesh/agra-city-agra-metro-mal-road-trial-begins-early-october-40355368.html
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने आगरा मेट्रो के द्वितीय कॉरिडोर (आगरा कैंट से कालिंदी विहार) के एक हिस्से पर यह उपलब्धि हासिल की है। डिपो एंट्री लाइन से सदर बाजार मेट्रो स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर ट्रेन का ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस दौरान आगरा मेट्रो के परियोजना निदेशक अरविंद राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

डिपो एंट्री से सदर बाजार की ओर जाने वाली डाउन लाइन पर मेट्रो ट्रेन को चलाया गया। करीब तीन किलोमीटर लंबे इस हिस्से में ट्रेन मॉल रोड से गुजरी। इसके बाद ट्रेन को वापस डिपो में लाया गया। इस खंड पर ट्रायल रन पूरा होने से द्वितीय कॉरिडोर के निर्माण और तकनीकी तैयारियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
थर्ड रेल का काम पूरा होने के बाद हुआ ट्रायल रन
डाउन लाइन पर ट्रायल रन से पहले मेट्रो संचालन के लिए ऊर्जा उपलब्ध कराने वाली थर्ड रेल का काम भी पूरा कर लिया गया था। यूपीएमआरसी के अनुसार, बीते सप्ताह थर्ड रेल का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हुआ था। इसके बाद ही इस हिस्से पर निर्धारित समय पर ट्रायल रन किया जा सका। अब अप लाइन पर ट्रैक बिछाने का काम अंतिम चरण में है। शेष लाइन और अप लाइन पर ट्रैक, ट्रेक्शन तथा सिग्नलिंग से जुड़े काम पूरे किए जाएंगे। इसके बाद इन हिस्सों पर भी ट्रायल रन किया जाएगा।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी है ट्रायल रन
किसी नए ट्रैक या रेल खंड पर पहली बार ट्रेन चलाने की प्रक्रिया को ट्रायल रन कहा जाता है। इसका उद्देश्य यह जांचना होता है कि नवनिर्मित ट्रैक और उससे जुड़ी मेट्रो प्रणाली ठीक तरीके से काम कर रही है या नहीं। यात्रियों के लिए सेवा शुरू करने से पहले ट्रायल रन के माध्यम से तकनीकी व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जांच की जाती है, ताकि मेट्रो का संचालन सुरक्षित तरीके से किया जा सके।https://www.amarujala.com/uttar-pradesh/agra/agra-metro-to-reuse-braking-energy-third-rail-work-completed-up-to-sadar-2026-10-13
आगरा को विश्वस्तरीय मेट्रो देने का संकल्प
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने आगरा मेट्रो की टीम और ठेकेदार के कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि डिपो से सदर बाजार तक सफलतापूर्वक ट्रायल रन पूरा होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने आगरा के लोगों को विश्वस्तरीय मेट्रो प्रणाली उपलब्ध कराने के यूपीएमआरसी के संकल्प को दोहराया। उनके अनुसार, आने वाले समय में आगरा मेट्रो शहर के लिए सबसे तेज, सुरक्षित और सुगम यातायात का साधन साबित होगी।

आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक प्रायोरिटी स्ट्रेच
द्वितीय कॉरिडोर में आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक के हिस्से को प्रायोरिटी स्ट्रेच के रूप में चिह्नित किया गया है। इस कॉरिडोर के स्टेशनों का निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। वहीं, शेष खंड एमजी रोड से कालिंदी विहार तक सिविल निर्माण कार्य जारी है। यूपीएमआरसी की ओर से इस हिस्से में भी निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि परियोजना को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।
