फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत चमरौली के मजरा मोहरदिल की ठार में बुधवार रात सरकारी पानी की टंकी की सबमर्सिबल मोटर चालू करते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के तीन बच्चे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 8 बजे चमरौली के मजरा मोहरदिल की ठार निवासी नीरज पुत्र नारायण सिंह सरकारी टीटीएसपी पानी की टंकी की सबमर्सिबल मोटर चालू करने गया था। इसी दौरान अचानक उसे करंट लग गया। करंट लगने के बाद नीरज काफी देर तक वापस नहीं लौटा।
नीरज के वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान नीरज पड़ा हुआ मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक नीरज के तीन बच्चे हैं। वहीं, वह दिल्ली में हलवाई का काम करता था।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक निबोहरा बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

