फतेहाबाद। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से डीजल-पेट्रोल की बिक्री के साथ अब किसानों को आधुनिक एवं जैविक खेती के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसी उद्देश्य से आगरा जिले के एकमात्र शिव शक्ति पेट्रोल पंप, भलोखरा पर सफल किसान बाजार का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सफल के जनरल मैनेजर डॉ. सुनील कपूर और एचपीसीएल के विनय ने किसानों को खेती में संतुलित खाद एवं उर्वरकों के प्रयोग की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि फसल के अनुसार खाद का प्रयोग करने से पहले खेत की मिट्टी और सिंचाई के पानी की जांच कराना जरूरी है। किसानों को यह जांच निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इससे खेत की जरूरत के अनुसार डीएपी, यूरिया, जिंक, पोटाश और जैविक खाद आदि का उचित मात्रा में प्रयोग किया जा सकेगा।
सफल किसान बाजार पर कृषि विशेषज्ञ समय-समय पर किसानों को जागरूक करेंगे। यहां आने वाले किसानों का डाटा भी एकत्र किया जाएगा। इसके बाद विशेषज्ञ किसानों के खेतों पर पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम में किसानों ने बताया कि रासायनिक खाद और दवाओं के अंधाधुंध प्रयोग से खेतों की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है। एचपीसीएल के इस प्रयास से किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन और जैविक खेती के तौर-तरीकों की जानकारी मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर राजेश कुमार पालीवाल, प्रवीण कुमार पालीवाल, कमलेश कुमार पालीवाल, दिनेश कुमार गुर्जर, रामप्रकाश गुर्जर, ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
