आगरा। बल्केश्वर स्थित गौशाला में आयोजित होने वाले श्री कृष्ण लीला महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष महोत्सव 13 नवंबर से 25 नवंबर तक चलेगा। इसमें भगवान श्री कृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भव्य मंचन किया जाएगा। लीला का निर्देशन प्रदीप ठाकुर करेंगे। आयोजन को अधिक आकर्षक और भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। अजय पटाखे वाले की ओर से आतिशबाजी का प्रदर्शन इस बार पहले से अधिक भव्य किया जाएगा। लीला के विभिन्न प्रसंगों के अनुरूप आतिशबाजी दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी।
वॉटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजन को लेकर हुई बैठक में अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि प्रशासन और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस बार कंस की दुहाई की सवारी शहर के मुख्य क्षेत्रों में नहीं निकाली जाएगी। यह सवारी कमला नगर और बल्केश्वर क्षेत्र में निकाली जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी और यातायात को सुचारू बनाए रखने में भी सहयोग मिलेगा। गोचरण का मार्ग पूर्व की भांति यथावत रहेगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष लीला के स्वरूप को और प्रभावशाली बनाने के लिए कुछ प्रसंगों में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। लीला में भी कुछ बदलाव किए जाएंगे, जिससे दर्शकों को इसका नया और आकर्षक स्वरूप देखने को मिलेगा।
बैठक के बाद शिक्षा एवं समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए खुशबू और पूनम को बेस्ट टीचर के रूप में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विजय रोहतगी, अशोक गोयल, शेखर गोयल, ब्रजेश अग्रवाल, विनीत सिंघल, लक्ष्मण शर्मा, केके अग्रवाल, केसी अग्रवाल, आदर्श नंदन गुप्ता, वीरेंद्र अग्रवाल और जवाहर लाल आदि उपस्थित रहे।
