भवना एस्टेट स्थित कार्यालय पर उमड़ा सेवाभाव
44 यूनिट रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने का दिया संदेश
आगरा। जनकपुरी महोत्सव के इतिहास में पहली बार धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के साथ मानव सेवा को भी प्रमुखता दी गई। रविवार को भवना एस्टेट स्थित जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के कार्यालय पर विशाल रक्तदान शिविर लगाया गया। लोकहितम ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर में स्थानीय लोगों, समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर में कुल 44 यूनिट रक्तदान हुआ। रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर रामकाज के साथ मानव सेवा का संदेश दिया।
शिविर का शुभारंभ एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में दिया गया रक्त अमूल्य योगदान होता है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ समाजसेवा को जोड़ना सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति का यह प्रयास मानव सेवा की भावना को नई दिशा देने वाला है।
शिविर में रक्तदान के लिए स्थानीय लोगों के साथ समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में अपना योगदान दिया। रक्तदाताओं ने कहा कि रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में योगदान देना स्वयं में संतोष और पुण्य का कार्य है। शिविर में लोगों के उत्साह से आयोजन स्थल पर सेवाभाव का माहौल नजर आया।
रक्तदाताओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
रक्तदान शिविर के दौरान रक्तदाताओं के पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्त संग्रह की पूरी प्रक्रिया लोकहितम ब्लड बैंक की टीम द्वारा की गई। समिति के पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया और उन्हें मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया। रक्तदान से पहले आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद रक्त संग्रह किया गया।
महोत्सव के साथ समाजसेवा को बढ़ावा
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी समिति का दायित्व है। पहली बार आयोजित रक्तदान शिविर के माध्यम से समिति ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि भगवान श्रीराम के आदर्शों में मानव सेवा और परोपकार का भी महत्वपूर्ण स्थान है।
उन्होंने रक्तदाताओं, लोकहितम ब्लड बैंक की टीम तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष ने कहा कि महोत्सव के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति द्वारा इस बार धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी जा रही है। इसी क्रम में पहली बार रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। समिति के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब महोत्सव समिति की ओर से मानव सेवा के उद्देश्य से रक्तदान शिविर लगाया गया। आयोजन के माध्यम से समिति ने धार्मिक आयोजन के साथ समाजसेवा को जोड़ने का संदेश दिया।
शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों ने इसे जरूरतमंदों के लिए उपयोगी पहल बताया। उनका कहना था कि रक्त किसी कारखाने में तैयार नहीं किया जा सकता और जरूरत के समय किसी व्यक्ति का दिया हुआ रक्त ही दूसरे जीवन को बचाने में काम आता है। इसी भावना के साथ लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
ये रहे मौजूद
शिविर में मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, महामंत्री मनोज जादौन, कोषाध्यक्ष आकाश गोयल ग्वाला, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, आशीष सक्सेना, लोकेंद्र कुमार संत, सतीश ठाकुर, धीरज शर्मा, गणेश बंसल, नरेंद्र शर्मा, मुकेश अग्रवाल, प्रवीन जैन, अनुज भारद्वाज, भोले शंकर चौहान और अनुज गुप्ता मौजूद रहे। महिला मंडल से अमृता पोरवाल, वानी चौहान, निधि मंगल, शालिनी पोरवाल, मिशी यादव, प्रियंका ठाकुर, दीक्षा, शिवानी अग्रवाल और नीलम सिंह ने सहभागिता की।
फोटो कैप्शन : भावना एस्टेट स्थित जनकपुरी कार्यालय पर जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति द्वारा लगाए गए विशाल रक्तदान शिविर में उपस्थित मुख्य अतिथि एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह। साथ में अध्यक्ष राजू यादव, मनोज जादौन, धर्मेश जैन, आकाश गोयल ग्वाला, राणा सुशील सिंह आदि।

