फतेहाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को चालक को झपकी आने से टाइल्स से लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में चालक और परिचालक बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने हाइड्रा की मदद से ट्रेलर को डिवाइडर से हटाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के बीकानेर जिले के ग्राम खेतोलाई निवासी शिव सिंह ट्रेलर चला रहे थे। उनके साथ राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के करडू निवासी बाघ सिंह परिचालक के रूप में मौजूद थे। ट्रेलर गुजरात से टाइल्स लेकर रांची, बिहार जा रहा था। सोमवार को थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 17.800 पर पहुंचते ही चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने हाइड्रा की मदद से ट्रेलर को डिवाइडर से बाहर निकाला। इसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।
यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी प्रथम राधामोहन द्विवेदी ने बताया कि चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ। चालक और परिचालक दोनों सुरक्षित हैं।

