17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे सेवा शिविर, रक्तदान, फल वितरण और टूलकिट वितरण; विकास स्थलों पर जलेंगे हजारों दीये, विद्यार्थियों से लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों तक होंगे कार्यक्रम
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में 31 दिवसीय ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ चलेगा। अभियान के दौरान अस्पतालों में रक्तदान शिविर और फल वितरण, विश्वकर्मा जयंती पर टूलकिट वितरण, प्रमुख विकास एवं अवस्थापना स्थलों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ थीम के तहत दीप प्रज्ज्वलन, बहुउद्देशीय सेवा शिविर, विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग, भाषण और डिबेट प्रतियोगिताएं, आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े कार्यक्रम, लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का डिजिटल प्रचार और विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान की तैयारियों को लेकर सर्किट हाउस में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री और जनपद प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय से सभी कार्यक्रमों को व्यापक जनसहभागिता के साथ कराने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
सर्किट हाउस में हुई बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रदीप भाटी, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, डॉ. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, छोटेलाल वर्मा, डॉ. धर्मपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता मौजूद रहे। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के प्रस्तावित कार्यक्रमों, विभागवार जिम्मेदारियों, नोडल अधिकारियों, कार्यक्रम स्थलों, रूपरेखा और जनसहभागिता की तैयारियों की जानकारी ली गई।
अभियान के लिए नोडल अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रत्येक कार्यक्रम की तिथि, समय, स्थल, नोडल एवं सह-नोडल अधिकारियों तथा संबंधित विभागों की समेकित कार्ययोजना प्रस्तुत की। जनपद प्रभारी मंत्री ने सभी कार्यक्रमों की जानकारी लेते हुए विभागों और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय बनाकर तैयारियां पूरी करने को कहा। कार्ययोजना की जानकारी जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने और प्रत्येक आयोजन में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में बताया गया कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर जनसेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाना और नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है। अभियान में केंद्र सरकार के 12 वर्षों और प्रदेश सरकार के 10 वर्षों की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक उपलब्धियों, विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों तथा परिवर्तनकारी कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, प्रमाणिक आंकड़े संकलित करने और डिजिटल माध्यम से योजनाओं एवं उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करने की कार्ययोजना भी इसमें शामिल है।
17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में अभियान का शुभारंभ होगा। इस दिन ‘आशीर्वाद का दीया’ थीम के तहत जिले के प्रमुख विकास एवं अवस्थापना स्थलों, पंचायतघरों और अन्य सामूहिक स्थलों पर शाम सात बजे दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। कैलाश मंदिर घाट पर 15 हजार, बटेश्वर मंदिर कॉरिडोर स्थल पर 15 हजार, यमुना आरती स्थल पर यमुना किनारे 15 हजार, पालीवाल पार्क में 10 हजार, शहीद स्मारक पर 10 हजार, बल्केश्वर मंदिर घाट पर 10 हजार, रामबाग यमुना घाट पर 10 हजार, फतेहपुर सीकरी किला पर 10 हजार, अटल आवासीय विद्यालय फतेहपुर सीकरी पर 10 हजार तथा सती माता मंदिर फतेहाबाद और गीत गोविंद वाटिका स्थल पर दीयों का प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसी दिन अस्पतालों में रक्तदान शिविर और फल वितरण के कार्यक्रम होंगे। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर टूलकिट वितरण भी किया जाएगा।
ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। अभियान के दौरान वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान गुजरात के मेहसाणा जिले में स्थित वडनगर तक यात्रा भी प्रस्तावित है। यह यात्रा जिले से होकर जाएगी और आगरा में प्रस्तावित स्थानों पर इससे जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान में सभी विकासखंडों और नगरीय निकाय स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता सत्यापन और आवेदन की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत राजस्व, स्वास्थ्य, श्रम, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, दिव्यांग सशक्तीकरण, खाद्य एवं रसद, शिक्षा, कृषि और पुलिस समेत सेवा प्रदाता विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था रहेगी। 17 अक्टूबर को लखनऊ में एक लाख से अधिक जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम के साथ अभियान का समापन होगा।
अभियान का दायरा विद्यार्थियों से लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों तक रखा गया है। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में ड्राइंग, भाषण और डिबेट प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रविष्टियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। वहीं 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय आयोजन होगा। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का सम्मान, पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता और बच्चों को उपयोगी सामग्री का वितरण किया जाएगा।
‘सेवा की कहानी’ अभियान में जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले नागरिकों की सफलता की कहानियों पर रील और डिजिटल कंटेंट तैयार किया जाएगा। इन कहानियों को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा। इसके लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को भी अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि सरकारी योजनाओं के लाभ और लोगों के अनुभव डिजिटल माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत लोगों को विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इनमें रक्तदान, स्वच्छता, पौधरोपण, स्वास्थ्य जांच, वृद्धाश्रम एवं अनाथालय में सेवा, नशामुक्ति, पोषण, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, दिव्यांगजन सहयोग और गौशाला सेवा जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इसके जरिए अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय सामाजिक सहभागिता से जोड़ने की योजना है।
सात अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ के तहत प्रमुख स्थल पर सेवा कलश की स्थापना, जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प कार्यक्रम होगा। इसके साथ ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में जनपद और विकासखंड स्तर पर प्राकृतिक सामग्री से रंगोली तैयार कराई जाएगी। इसमें कलाकारों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और विद्यार्थियों की सहभागिता रहेगी।
अभियान में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ समेत अन्य निर्धारित कार्यक्रम भी शामिल किए गए हैं। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हेमंत कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप वर्मा, नगरायुक्त संतोष कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक डीआरडीए रेणु कुमारी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार, महेश कुमार, हेमंत भोजवानी, नीतेश शिवहरे, दीपू जादौन, नवीन गौतम, रोहित कात्याल और ज्योति जादौन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
