आगरा। सावन के दूसरे सोमवार से पहले रविवार को बल्केश्वर क्षेत्र भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया। प्रसिद्ध बल्केश्वर महादेव मेले का भव्य उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चारण, धार्मिक रीति-रिवाजों और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष के बीच किया गया। उद्घाटन के साथ ही पूरे क्षेत्र में मेले की रौनक बढ़ गई और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मेला समिति और प्रशासन ने लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
रविवार को बल्केश्वर चौराहे पर आयोजित उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग, मुख्य संरक्षक पूर्व पार्षद डॉ. कुंदिका शर्मा और ताराचंद मित्तल ‘तोतीभाई’ ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रों के बीच जैसे ही उद्घाटन हुआ, श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि बल्केश्वर महादेव मेला आगरा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है। यह केवल एक मेला नहीं, बल्कि लोगों की आस्था और परंपरा का उत्सव है। उन्होंने कहा कि सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक का विशेष महत्व होता है और इसी आस्था के कारण दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल ने कहा कि बल्केश्वर महादेव की परिक्रमा वर्षों पुरानी परंपरा है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ इस परिक्रमा में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि मेला समिति द्वारा की गई व्यवस्थाएं सराहनीय हैं और इससे श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।
मेला संयोजक और समाजसेवी पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट पार्षद हरिओम गोयल और पार्षद पूजा गिर्राज बंसल ने बताया कि इस बार मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्थापित किया गया है, जहां सरकारी चिकित्सक और आवश्यक दवाइयां चौबीस घंटे उपलब्ध रहेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे परिक्रमा मार्ग पर पेयजल की व्यवस्था भी की गई है।

यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। नदी तट पर बैरिकेडिंग कराई गई है और मुख्य तट से लगभग बीस फीट पहले ट्यूबवेल के माध्यम से स्नान की विशेष व्यवस्था बनाई गई है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से स्नान कर सकें। समिति ने लोगों से सावधानी बरतने और निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने की अपील की है।
मेला समिति के अध्यक्ष महेश निषाद और कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप वाल्मीकि ने बताया कि बल्केश्वर महादेव मंदिर से लेकर वाटरवर्क्स चौराहे तक खोया-पाया केंद्र स्थापित किया गया है। सोमवार को परिक्रमा पूरी करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा सैकड़ों स्वयंसेवकों को पूरे मेला क्षेत्र में तैनात किया गया है, जो पुलिस प्रशासन के सहयोग से श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने और व्यवस्थाएं संभालने का कार्य करेंगे।
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, युवा और श्रद्धालु मौजूद रहे। संचालन रमन अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर महिला अध्यक्ष ममता सिंघल, महामंत्री संजय श्रीवास्तव, पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, निखिल गोयल, विमल गुप्ता, अनुरंजन सिंघल, डॉ. कृष्ण कुमार ‘गुड्डू’, रोहित कात्याल, डॉ. महेश फौजदार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

