मीटर से छेड़छाड़ और अवैध कनेक्शन पर अब सीधे कार्रवाई
कनेक्शन कटेगा मुकदमा दर्ज होगा भारी जुर्माना, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय
आगरा। बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए जिला प्रशासन और ऊर्जा विभाग का विशेष सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। रविवार को बरौली अहीर उपकेंद्र के बरौली टाउन-1 फीडर क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान अवैध तरीके से बिजली चोरी करते छह लोग पकड़े गए। सभी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध कटिया डालकर बिजली लेने, मीटर से छेड़छाड़ करने या मीटर बाईपास कर आपूर्ति लेने वालों के खिलाफ अब सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पिछले 15 दिनों से चल रहे अभियान में अलग-अलग दिनों की छापेमारी के दौरान 34 लोगों के खिलाफ पहले ही बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। कार्रवाई का उद्देश्य केवल बिजली चोरी पकड़ना नहीं बल्कि उपभोक्ताओं को वैध कनेक्शन लेकर बिल का भुगतान करने और बिजली का नियमों के अनुसार उपयोग करने के लिए प्रेरित करना भी है।
जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में बिजली चोरी वाले क्षेत्रों और अधिक लाइन लॉस वाले फीडरों को चिन्हित कर संयुक्त प्रवर्तन टीमों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन और विद्युत निगम की संयुक्त प्रवर्तन टीमें शहर और जनपद में सघन चेकिंग करेंगी। तकनीकी टीमें उच्च हानि वाले क्षेत्रों और फीडरों को चिह्नित कर औचक निरीक्षण करेंगी। जांच के दौरान यदि कोई व्यक्ति अवैध कटिया डालकर बिजली चोरी करते, मीटर में छेड़छाड़ करते या उसे बाईपास कर बिजली का इस्तेमाल करते पाया गया तो तत्काल कनेक्शन काटा जाएगा। इसके बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया जाएगा। बिजली अधिनियम-2003 की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर के साथ भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
अभियान के दायरे में केवल सीधे तौर पर बिजली चोरी करने वाले लोग ही नहीं हैं। बिल जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों और विभिन्न तरीकों से बड़ी मात्रा में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से उपभोक्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि बिजली का इस्तेमाल वैध कनेक्शन के माध्यम से ही करें। मीटर से किसी भी तरह की छेड़छाड़ या अवैध तरीके से कनेक्शन लेने की स्थिति में कार्रवाई से बचना संभव नहीं होगा।
रविवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर बरौली अहीर उपकेंद्र के बरौली टाउन-1 फीडर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम संतोष कुमार शुक्ला, बिजली विभाग के एसडीओ, जेई और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर विद्युत कनेक्शनों और आपूर्ति की जांच की। चेकिंग के दौरान छह लोग बिजली चोरी करते हुए पाए गए। इनमें केदार लाल, संदरी, रघुवीर, अमर सिंह, रामजीत और विजय कुमार शामिल हैं। सभी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि पिछले 15 दिनों से विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस दौरान अलग-अलग दिनों में की गई छापेमारी में अब तक 34 लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी की एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और चिन्हित क्षेत्रों में औचक जांच की जाएगी। बिजली चोरी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बिजली चोरी की जानकारी देने के लिए नागरिकों को भी अभियान से जोड़ने की व्यवस्था की है। बिजली चोरी की सटीक सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। सूचना के आधार पर कार्रवाई होने पर उन्हें प्रोत्साहन राशि या इनाम देने का भी प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य बिजली चोरी की घटनाओं की जानकारी प्रशासन और बिजली विभाग तक पहुंचाना तथा अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करना है।


