फतेहाबाद। डौकी थाना क्षेत्र में शराब के नशे में एक युवक विद्युत ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिजली आपूर्ति बंद कराई और समझा-बुझाकर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
थाना डौकी क्षेत्र के गांव चमरपुरा में गुरुवार शाम शराब के नशे में एक युवक विद्युत ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। युवक को ट्रांसफार्मर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल थाना डौकी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा और वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले विद्युत उपकेंद्र से संपर्क कर बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद युवक को शांत कर काफी देर तक समझाया गया।
पुलिस के प्रयास के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। युवक की पहचान गांव चमरपुरा निवासी नरेंद्र पुत्र मौजीराम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। समय रहते बिजली आपूर्ति बंद होने से संभावित हादसा टल गया।
