फतेहाबाद। वन महोत्सव सप्ताह के तहत सीएचसी फतेहाबाद परिसर में स्वास्थ्य और वन विभाग की संयुक्त टीम ने नीम, पीपल, जामुन व आम के 11 पौधे लगाए। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल पर जोर दिया।
वन महोत्सव सप्ताह के अवसर पर गुरुवार को सीएचसी फतेहाबाद परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग और वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से 11 पौधे रोपे।
अस्पताल परिसर में नीम, पीपल, जामुन और आम के छायादार व फलदार पौधे लगाए गए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और घटती हरियाली चिंता का विषय है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण करने के साथ पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में हरियाली बढ़ने से मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण मिलेगा।
वन दरोगा सुधीर कांत ने बताया कि वन महोत्सव सप्ताह के तहत क्षेत्रभर में पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में वनरक्षक धर्मेंद्र, वनरक्षक जितेंद्र, सोहन सहित स्वास्थ्य विभाग और वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
