फतेहाबाद। फतेहाबाद-आगरा मार्ग पर गुरुवार रात शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे दो सगे भाइयों की बाइक में डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार नगला भोज निवासी राजवीर वर्मा के पुत्र की 15 जून को शादी है। गुरुवार को राजवीर अपने छोटे भाई विजेंद्र सिंह (49) के साथ शादी के कार्ड बांटकर फतेहाबाद से घर लौट रहे थे। रात में थाना डौकी क्षेत्र स्थित टंकी चौराहे के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक सहित डंपर को पकड़ लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा ने बताया कि डंपर की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक सहित डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

