फतेहाबाद। विश्व पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर शुक्रवार को ब्लॉक फतेहाबाद में जागरूकता अभियान चलाया गया। विकासखंड परिसर से प्लास्टिक की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद राजकुमार चाहर ने किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण और मानव जीवन दोनों के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। इसके लगातार बढ़ते उपयोग से प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है, जिसका असर जल, वायु और भूमि पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और कपड़े तथा अन्य वैकल्पिक सामग्री के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
प्रतीकात्मक शवयात्रा विकासखंड परिसर से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से निकाली गई। इसमें शामिल लोगों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने का आह्वान किया। साथ ही लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
अभियान में मौजूद लोगों ने प्लास्टिक मुक्त समाज बनाने की शपथ लेते हुए दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, नितिन गुप्ता, योगेश चौहान, अंकित गुप्ता, बीपी गुर्जर, कैप्टन राजेश्वर सिंह, खंड विकास अधिकारी रजत कुशवाहा, सहायक विकास अधिकारी नरेंद्र बघेल, महेंद्रपाल सिंह, सचिव राहुल परिहार, संदीप, रितु यादव और नसीम अहमद सहित कई लोग मौजूद रहे।

