आगरा। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। दो पालियों में आयोजित हो रही परीक्षा में करीब 25,500 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है, जबकि सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
सुबह की पहली पाली का आयोजन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया गया, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों पर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बायोमेट्रिक सत्यापन और पहचान पत्रों की जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्षों में प्रवेश दिया गया।
शनिवार देर रात से ही विभिन्न जिलों और शहरों से अभ्यर्थियों का आगरा पहुंचना शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने आईएसबीटी, कैंट रेलवे स्टेशन, राजा की मंडी रेलवे स्टेशन और विभिन्न शेल्टर होम में रात्रि विश्राम किया। सुबह होते ही अभ्यर्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों की ओर रवाना हुए।
एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान ने बताया कि परीक्षा के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा दो-दो पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और परीक्षा की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी अभ्यर्थी को स्मार्टवॉच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या अन्य प्रतिबंधित सामग्री के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है। केंद्रों पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न के लिए दो अंक निर्धारित किए गए हैं। सही उत्तर पर दो अंक दिए जाएंगे, जबकि गलत उत्तर देने पर निर्धारित नकारात्मक अंकन के तहत अंक काटे जाएंगे। अनुत्तरित प्रश्नों पर कोई अंक नहीं मिलेगा।
परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए परिवहन विभाग और रोडवेज प्रशासन ने भी विशेष व्यवस्था की है। क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) बीबी अग्रवाल ने बताया कि अभ्यर्थियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त रोडवेज बसों का संचालन कराया जा रहा है। एमजी रोड, आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन, भगवान टॉकीज, सिकंदरा और मथुरा रोड सहित प्रमुख मार्गों पर नियमित अंतराल में बसें उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने बताया कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। बस स्टेशनों पर 24 घंटे पूछताछ कक्ष संचालित किए जा रहे हैं, जहां अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा पेयजल, शौचालय, टी-स्टॉल और खानपान की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
प्रशासन का दावा है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां, प्रशासनिक अधिकारी और शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता न हो सके।
