हिंदी पत्रकारिता दिवस पर ताज प्रेस क्लब में वैचारिक संगोष्ठी
केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने सोलर प्लांट और उच्च शिक्षा मंत्री
योगेंद्र उपाध्याय ने 11 हजार रुपये की सहायता की घोषणा की
सार
हिंदी पत्रकारिता की 200वीं जयंती के अवसर पर ताज प्रेस क्लब, आगरा द्वारा आयोजित वैचारिक संगोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर गंभीर मंथन हुआ। केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर देते हुए प्रेस क्लब में सोलर सिस्टम लगवाने के अपने आश्वासन को दोहराया, जबकि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। कार्यक्रम में आए वरिष्ठ पत्रकारों समेत लगभग 100 पत्रकारों का सम्मान किया गया।
आगरा। हिंदी पत्रकारिता की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में ताज प्रेस क्लब द्वारा आयोजित वैचारिक संगोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, उसकी चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर गंभीर चर्चा हुई। बदलती पत्रकारिता, बदलती जिम्मेदारी विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, वरिष्ठ पत्रकारों तथा मीडिया जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।

मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के सामने आज पहले की अपेक्षा अधिक चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में ऐसे लोगों की भी आमद बढ़ी है, जिन्हें इस पेशे की मूल भावना और जिम्मेदारियों की पर्याप्त समझ नहीं है। ऐसे लोगों को पत्रकार संगठनों को स्वयं चिन्हित कर दूर करना होगा ताकि पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता बनी रहे। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का गौरव बनाए रखना आज सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
प्रो. बघेल ने कहा कि सोशल मीडिया सूचना और प्रचार का प्रभावी माध्यम बन चुका है, लेकिन यदि किसी तथ्य का स्थायी रिकॉर्ड सुरक्षित रखना हो तो समाचार पत्रों की भूमिका आज भी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों के रिश्ते को ‘ननद-भौजाई’ जैसा बताते हुए कहा कि शिकायतें भी होती हैं और अपनापन भी बना रहता है। उन्होंने कहा कि देश के अनेक बड़े नेताओं ने पत्रकारिता से ही सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। पत्रकारिता की ताकत को देखते हुए समाजवादी चिंतक राममनोहर लोहिया ने इसे लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताया था। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा पत्रकारों का सहयोग मिला है और यदि जनप्रतिनिधि दो कदम साथ चलते हैं तो पत्रकार चार कदम आगे बढ़कर सहयोग करते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने ताज प्रेस क्लब भवन में सोलर सिस्टम लगवाने के अपने पूर्व आश्वासन को दोहराते हुए कहा कि आज ताज प्रेस क्लब का भवन इतना शानदार बन चुका है कि पूरे देश में गर्व से कहा जा सकता है कि आगरा में भी एक सशक्त और सक्रिय ताज प्रेस क्लब मौजूद है।
उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार अन्य क्षेत्रों में गिरावट देखने को मिली है, उसी प्रकार पत्रकारिता भी इससे अछूती नहीं रही है। पत्रकार समाज का दर्पण होता है, इसलिए पत्रकारों को अपने गौरवशाली अतीत से प्रेरणा लेकर पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने ताज प्रेस क्लब को 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि पत्रकारों को अपने बीच में सक्रिय गैर-पत्रकार तत्वों को पहचानना होगा, क्योंकि ऐसे लोग समाज के साथ-साथ पत्रकारिता को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की साख बनाए रखने में ताज प्रेस क्लब जैसे संगठनों की बड़ी भूमिका है।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का स्वागत मनोज मिश्रा ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर किया।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर सामाजिक जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने तक हिंदी पत्रकारिता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वक्ताओं ने कहा कि प्रिंट मीडिया से डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर तक पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदला है, जिसके साथ नई चुनौतियां और नई जिम्मेदारियां भी सामने आई हैं।
ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होना पूरे मीडिया जगत के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ताज प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके पेशेवर विकास के लिए लगातार कार्य करता रहेगा। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, पत्रकारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन महासचिव विवेक जैन ने किया।
समारोह में दिल्ली से आए वरिष्ठ पत्रकार राज कुमार सिंह, डॉ. प्रतीक मिश्र, राकेश आर्य, आशु सक्सेना, लखनऊ से गोलेश स्वामी तथा जयपुर से अभिषेक मेहरोत्रा का विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मान किया गया। इसके अलावा ताज प्रेस क्लब से जुड़े लगभग 100 वरिष्ठ पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। सभी सम्मान कार्यकारिणी के सदस्यों द्वारा प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार राकेश आर्य ने प्रेस क्लब के लिए 51 हजार रुपये देने की घोषणा की, जबकि वरिष्ठ पत्रकार नेबिल स्मिथ ने अपने संदेश के माध्यम से प्रेस क्लब की लाइब्रेरी के लिए एक अलमारी उपलब्ध कराने की घोषणा की।

