आगरा। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के नेतृत्व में कमिश्नरेट आगरा के अंतर्गत थानों, चौकियों और कार्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत कर पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, तकनीकी रूप से सक्षम एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर आधुनिकीकरण का कार्य कराया जा रहा है।

इसी क्रम में थाना सिकंदरा क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस चौकी डिवीजन का जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कर उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया, जिसका उद्घाटन मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह में पुलिस उपायुक्त यातायात, पुलिस उपायुक्त नगर, पुलिस उपायुक्त पूर्वी, पुलिस उपायुक्त पश्चिमी, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध, अपर पुलिस उपायुक्त प्रोटोकॉल, सभी सहायक पुलिस आयुक्त, प्रभारी निरीक्षक सिकंदरा, चौकी प्रभारी डिवीजन सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।

पुलिस चौकी डिवीजन का पुनर्निर्माण और नवीनीकरण आधुनिक मानकों के अनुरूप कराया गया है, जिससे पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके और आमजन को अधिक व्यवस्थित एवं सहज पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकें। चौकी परिसर में आकर्षक प्रवेश द्वार का निर्माण किया गया है। इसके साथ चौकी प्रभारी कक्ष, अभिलेख कक्ष और आगंतुक कक्ष का पूर्ण रूप से नवीनीकरण कर उन्हें आधुनिक सुविधाओं एवं आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित किया गया है।

इसके अतिरिक्त भवन के ऊपरी तल पर पुलिस कर्मियों के लिए दो आवासीय बैरकों का निर्माण कराया गया है, जिससे ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिल सकें। चौकी परिसर को कार्यात्मक, सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप देने के लिए आवश्यक संरचनात्मक एवं सौंदर्यात्मक सुधार भी किए गए हैं।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि थानों, चौकियों और कार्यालयों का आधुनिकीकरण तथा पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर आधारभूत सुविधाएं पुलिस बल की कार्यक्षमता, मनोबल और कार्य निष्पादन क्षमता को और अधिक मजबूत बनाती हैं, जिसका सीधा लाभ आमजन को त्वरित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाओं के रूप में मिलता है। आधुनिक संसाधनों और बेहतर कार्य वातावरण के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और समन्वय को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

