-बाह रोड स्थित विद्यालय में आयोजित हुआ भव्य पुरस्कार वितरण समारोह
-नगर पंचायत अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलन कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ
-शैक्षणिक व खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मिला सम्मान
फतेहाबाद। कस्बा स्थित बाह रोड पर श्रीमती रतनदेवी कान्वेंट स्कूल में शुक्रवार को सत्र 2025-26 के वार्षिक परीक्षा परिणाम की घोषणा के साथ भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कुल लगभग 135 विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष बबिता रविप्रकाश शल्या ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जो छात्र अपने समय का सही उपयोग करते हैं, सफलता स्वयं उनके कदम चूमती है। उन्होंने मेधावी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
समारोह के दौरान कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के समय पूरे विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा। अभिभावक भी अपने बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व महसूस करते नजर आए।
विद्यालय के मंत्री अवधेश शल्या एवं व्यवस्थापक श्रीभगवान गुप्ता ने कहा कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
प्रधानाचार्य निशा गोलस ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें पूरे सत्र की शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा परिणामों और सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि विद्यालय लगातार बेहतर परिणामों की दिशा में आगे बढ़ रहा है और विद्यार्थियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है।
सुबह से ही विद्यालय परिसर में अभिभावकों की भीड़ उमड़ने लगी थी, जो अपने बच्चों के परीक्षा परिणाम जानने के लिए उत्सुक थे। जैसे ही परिणाम घोषित हुए, अभिभावकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों की सफलता पर परिवारों में हर्ष और गर्व का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में आरती गुप्ता, अवकेश गोलस, उत्तम गुप्ता, संजय गुप्ता, विपुल लोहिया, अतुल कतरौलिया, चंदन गुप्ता और अंगद वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं शिक्षकों में रितिक गुप्ता, श्रष्टि चौधरी, नरेंद्र शर्मा, प्रिया गुप्ता, रेखा देवी, पूजा कुमारी, मानसी, खुशी, गुंजन और ललिता का विशेष योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समारोह का समापन सम्मानित विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रहा, बल्कि विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित करता है।

