आगरा। आगरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से वैश्विक परिस्थितियों और देश की अर्थव्यवस्था के हित में एक वर्ष तक अनावश्यक सोना न खरीदने की अपील को लेकर प्रशासन ने व्यापारियों और सर्राफा कारोबारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में साफ किया गया कि देश में सोना-चांदी की खरीद पर किसी प्रकार की पाबंदी नहीं है और सोशल मीडिया व विभिन्न प्लेटफॉर्म पर चल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं। प्रशासन ने व्यापारियों से लोगों को जागरूक करने और राष्ट्रहित में सहयोग करने की अपील की, जबकि व्यापारियों ने भी राष्ट्रीय मुहिम में समर्थन देने का भरोसा दिलाया।

वैश्विक परिस्थितियों, विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव और सोने के आयात को लेकर देशभर में चर्चा के बीच आगरा में प्रशासन ने व्यापारियों और सर्राफा कारोबारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। शासन के निर्देशानुसार पुलिस लाइन स्थित पुलिस आयुक्त सभागार में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार और जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में यह बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर और जनपद के विभिन्न सर्राफा एसोसिएशन पदाधिकारी, प्रतिनिधि, सोने-चांदी के थोक और खुदरा कारोबारी तथा व्यापारी वर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहा।

बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वैश्विक परिस्थितियों के दृष्टिगत देश के विदेशी मुद्रा भंडार और अर्थव्यवस्था के हित में एक वर्ष तक अनावश्यक सोना खरीदने से बचने की अपील के संबंध में जागरूकता बढ़ाना और लोगों में फैल रही भ्रांतियों को दूर करना था।
बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गोल्ड उपभोक्ता देश है। देश में बड़ी मात्रा में सोने की मांग और खपत होती है, जबकि घरेलू स्तर पर उत्पादन उस अनुपात में नहीं हो पाता है। ऐसे में भारत को अपनी आवश्यकता का अधिकांश सोना विदेशों से आयात करना पड़ता है।
अधिकारियों ने कहा कि भारी मात्रा में होने वाला सोने का आयात सीधे तौर पर देश के विदेशी मुद्रा भंडार को प्रभावित करता है। जब सोने के आयात पर ज्यादा विदेशी मुद्रा खर्च होती है तो उसका असर देश की आर्थिक स्थिति पर भी पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशहित में लोगों से सुझावात्मक अपील की गई है कि यदि बहुत अधिक आवश्यक न हो तो कुछ समय तक अनावश्यक सोना खरीदने से बचा जाए।

बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा की गई अपील किसी प्रकार का प्रतिबंध या सरकारी आदेश नहीं है बल्कि देश की आर्थिक मजबूती और विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखने की दिशा में एक सुझावात्मक पहल है। उन्होंने सभी व्यापारियों, कारोबारी संगठनों और नागरिकों से इस दिशा में सहयोग करने की अपील की।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने भी बैठक में कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य माध्यमों पर ऐसी अफवाहें फैल रही हैं कि देश में सोना और चांदी खरीदने पर रोक लगाई जा सकती है या सरकार किसी प्रकार की पाबंदी लगाने जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी सभी बातें पूरी तरह तथ्यहीन और निराधार हैं।
उन्होंने कहा कि बाजार में फैल रही इस तरह की अफवाहों के कारण कई लोग घबराहट में सोने की खरीदारी कर रहे हैं। विशेषकर शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए लोगों में यह आशंका बनी हुई है कि आने वाले समय में सोने के दाम और अधिक बढ़ सकते हैं या खरीद पर प्रतिबंध लग सकता है। इसी कारण लोग जल्दबाजी में खरीदारी कर रहे हैं, जबकि वास्तविक स्थिति ऐसी नहीं है।
बैठक में प्रशासन की ओर से व्यापारियों और सर्राफा कारोबारियों से अपील की गई कि वे अपने ग्राहकों को सही जानकारी दें और अफवाहों को रोकने में सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि व्यापारी समाज और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, इसलिए उनके माध्यम से सही संदेश तेजी से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त ने संयुक्त रूप से आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के कारण आयातित वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। ऐसे समय में सभी को राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए और अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
बैठक के दौरान सर्राफा कारोबारियों से यह भी सुझाव दिया गया कि ग्राहकों को पुराने सोने से नए आभूषण बनवाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इसके लिए मेकिंग चार्ज या अन्य सुविधाओं में विशेष छूट देने जैसे विकल्प अपनाए जा सकते हैं, जिससे नए सोने की खरीद की आवश्यकता कम हो सके।
बैठक में मौजूद सर्राफा कारोबारियों और व्यापारी बंधुओं ने भी प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए कहा कि वे राष्ट्रहित में अनावश्यक गोल्ड परचेज को लेकर लोगों को जागरूक करेंगे। व्यापारियों ने कहा कि वे ग्राहकों को वैश्विक परिस्थितियों की जानकारी देने के साथ-साथ अफवाहों से दूर रहने की सलाह भी देंगे और इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग करेंगे।
बैठक में डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार, जीएसटी विभाग के मृत्युंजय कुमार सिंह, आगरा सर्राफा एसोसिएशन के सदस्य, व्यापार मंडल के टीएन अग्रवाल, विजय सामा, जय पुरुषनानी, संजय अरोड़ा सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रशासन की ओर से एक बार फिर यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि सोना या चांदी खरीदने पर देश में किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई है। लोगों से अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, किसी भी सूचना की पुष्टि करें और राष्ट्रहित से जुड़े प्रयासों में सकारात्मक सहयोग करें।
