— आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर पूठपुरा-कल्याणपुर के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा
— मौके पर पिता की मौत, अस्पताल में इलाज के दौरान बेटे ने भी तोड़ा दम
— हेलमेट न होने से बढ़ी गंभीरता, कैंटर चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने कब्जे में लिया वाहन
फतेहाबाद। आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। कोल्ड्रिंक्स से भरी तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पुत्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

घटना थाना फतेहाबाद क्षेत्र के पूठपुरा-कल्याणपुर गांव के पास आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। मीठपुरा निवासी रामनरेश पुत्र चिरंजीलाल ने बताया कि उनके भाई शिवचरन (35) अपने पुत्र शिवम (15) के साथ बाइक से वाजिदपुर जा रहे थे। जैसे ही दोनों गांव के पास मुख्य मार्ग पर पहुंचे, तभी आगरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। टक्कर के बाद कैंटर चालक वाहन रोकने के बजाय दोनों को रौंदते हुए आगे निकल गया, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शिवचरन को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पुत्र शिवम को तत्काल अस्पताल भेजा गया। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शिवम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही परिवार के पिता और पुत्र दोनों की मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने लगभग तीन किलोमीटर तक कैंटर का पीछा किया और वाहन को पकड़ लिया। हालांकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है और उसकी जांच की जा रही है। वाहन में कोल्ड्रिंक्स लदी हुई थी, जिसे दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था।
मृतक के भाई रामनरेश की तहरीर पर थाना फतेहाबाद में अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब फरार चालक की तलाश में दबिश दे रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है। मृतक के घर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। शिवचरन की मां रामदुलारी और उनकी बेटी शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों बार-बार बेहोश हो रही हैं और परिजन उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं। शिवानी लगातार यही कह रही है कि अब परिवार का सहारा कौन बनेगा, पिता और भाई दोनों इस दुनिया में नहीं रहे।
परिजनों ने बताया कि शिवचरन मेहनत-मजदूरी कर सेंटरिंग का काम करता था और अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी पत्नी का निधन करीब आठ वर्ष पहले हो चुका था, जिसके बाद वह अकेले ही बच्चों की जिम्मेदारी निभा रहा था। अब उसकी मौत के बाद पूरा परिवार बेसहारा हो गया है।
मृतक के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। बड़ा पुत्र शिवा (लगभग 19 वर्ष) है, जिसकी हाल ही में 25 अप्रैल को शादी हुई थी। दूसरा पुत्र शिवम (15) इस हादसे का शिकार हो गया। तीसरा पुत्र आकाश (13) और पुत्री शिवानी (14) परिवार में हैं। अब घर में कमाने वाला कोई नहीं बचा, जिससे परिवार की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है।
पुलिस का कहना है कि यदि बाइक सवार पिता-पुत्र ने हेलमेट पहना होता तो उनकी जान बच सकती थी, क्योंकि दोनों को सिर में गंभीर चोटें आईं, जो मौत का कारण बनीं। यह बात भी सामने आई है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ।
प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान ने बताया कि हादसे में पिता-पुत्र की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और कैंटर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

