फतेहाबाद । थाना डौकी क्षेत्र में गैस एजेंसी पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पुरानी रंजिश में गैस एजेंसी पर पहुंचकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
फतेहाबाद के थाना डौकी क्षेत्र में गैस एजेंसी पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव नगला बेहड़ निवासी भूपाल सिंह पुत्र एदल सिंह ने थाने में तहरीर देकर घटना की जानकारी दी थी। शिकायत में बताया गया कि 10 मई की रात करीब 10 बजे वह टंकी चौराहे पर स्थित अपने भाई महेश की तमन्ना गैस एजेंसी पर बैठा हुआ था। उसी दौरान बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे और कृष्णा नाम के पुराने कर्मचारी के बारे में पूछताछ करने लगे।
भूपाल सिंह ने आरोपियों से कहा कि कृष्णा अब गैस एजेंसी पर काम नहीं करता है। इस बात पर आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने आवेश में आकर तमंचे से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए भूपाल सिंह तुरंत छत पर चढ़ गए।
इसी दौरान उनके भाई महेश अपने दोस्त नीरज के साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा किया। बताया गया कि नगरिया के पास आरोपियों की बाइक फिसल गई, जिसके बाद वे बाइक छोड़कर भागने लगे। पीछा किए जाने पर बदमाशों ने महेश और उनके दोस्त नीरज पर भी तमंचे से फायरिंग कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डौकी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर एसीपी फतेहाबाद के नेतृत्व में घटना के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी और क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
बुधवार को पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी भागने की फिराक में नगला देवहंस श्मशान घाट अंडरपास के पास खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से दो बदमाशों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोमवीर पुत्र सुंदर सिंह निवासी भिडावली थाना इरादतनगर और अवधेश पुत्र मोहर सिंह निवासी चंदीपुरा थाना इरादतनगर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा, उपनिरीक्षक मोहित सिंह चौहान, जयकुमार, अभिषेक तोमर, कांस्टेबल सहदेव, आर्यन और मोहित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

