माध्यमिक शिक्षा विभाग, आगरा मंडल द्वारा संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में मंगलवार को उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा 2026 के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया। इस नवाचार कार्यक्रम “परीक्षा योद्धा सम्मान 2026” के अंतर्गत जनपद की हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में टॉप दस मेरिट में स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
आगरा। माध्यमिक शिक्षा विभाग, आगरा मंडल द्वारा आयोजित इस प्रेरणादायक समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को संयुक्त शिक्षा निदेशक आगरा मंडल डॉ मुकेश चंद्र अग्रवाल द्वारा स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र तथा सामान्य ज्ञान की पुस्तक “यस आई एम” देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके प्रधानाचार्य, अध्यापक तथा अभिभावक भी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान सभी विद्यार्थी अत्यंत प्रसन्न मुद्रा में दिखाई दिए और उनके चेहरे पर सफलता की चमक स्पष्ट झलक रही थी। इस अवसर पर इंटरमीडिएट मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थियों ने अपने-अपने भविष्य के लक्ष्य भी साझा किए। अंजलि ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में जाने की इच्छा व्यक्त की, जतिन कुमार ने केमिकल इंजीनियर बनने का लक्ष्य बताया, आराध्या वर्मा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा की तैयारी का संकल्प लिया, वहीं महिमा वर्मा और जतिन ने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य रखा। इसी क्रम में एक विद्यार्थी नमन दुबे ने अपनी माता के आशीर्वाद को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताते हुए कहा कि वह एक अच्छा इंसान बनकर देश की सेवा करना चाहता है।

कार्यक्रम में डॉ मुकेश चंद्र अग्रवाल ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धियां उनके माता-पिता और शिक्षकों के परिश्रम का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि सफलता का मार्ग कठिन अवश्य होता है, लेकिन उसका परिणाम हमेशा सुखद और उज्ज्वल होता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन रत्नमुनि जैन इंटर कॉलेज के डॉ अनिल वशिष्ठ द्वारा किया गया, जबकि इसमें डॉ शिव कुमार सिंह एवं जीआईसी के प्रधानाचार्य डॉ मानवेंद्र सिंह का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज स्थित अटल टिंकरिंग लैब तथा राजकीय पुस्तकालय का भ्रमण भी कराया गया, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से विद्यार्थियों की मुलाकात कराई गई और तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण चर्चा भी हुई।

इस अवसर पर वीरेन्द्र सिंह, सत्य प्रकाश, अनिल कुमार, दीक्षा निगम, उमेश सेठ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रमों की श्रृंखला आगरा मंडल के अन्य जनपदों में भी आयोजित की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिल सके।

