आगरा। आगरा में बाइक सवार बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद दिखाई दे रहे हैं। न्यू आगरा थाना क्षेत्र में थाने से कुछ ही दूरी पर फल खरीद रही एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर चेन लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके। मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना न्यू आगरा क्षेत्र की इंजीनियर्स कॉलोनी निवासी रीमा चौहान अपने बच्चे के साथ रात के समय न्यू आगरा क्षेत्र में हाईवे की सर्विस रोड पर फल और अन्य सामान खरीदने के लिए पहुंची थीं। बताया गया है कि वह थाने से कुछ दूरी पर सड़क किनारे लगे एक ठेले से केले खरीद रही थीं। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक पीछे से आए और मौका पाकर रीमा चौहान के गले से झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित तेजी से मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनते ही बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित तेजी से निकल गए और उन्हें पकड़ा नहीं जा सका। घटना के बाद पीड़िता ने थाना न्यू आगरा पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। न्यू आगरा थाना क्षेत्र के आसपास कई रेस्टोरेंट, खाने-पीने के ठेले, सब्जी और फलों की दुकानें लगती हैं, जहां देर शाम तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। क्षेत्र में अक्सर भीड़भाड़ रहती है, इसके बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार होने में सफल रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना क्षेत्र के आसपास कई बार देर रात तक कुछ अराजक तत्वों का जमावड़ा भी लगा रहता है और आए दिन झगड़े जैसी घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
थाना प्रभारी न्यू आगरा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
