फतेहाबाद। गांव डांडा में खेतों में हाईटेंशन लाइन के पोल लगाए जाने को लेकर किसानों ने जमकर विरोध किया। किसानों का आरोप था कि पावर ग्रिड की ओर से बिना सूचना दिए और बिना मुआवजा तय किए खेतों में पोल लगाने का काम शुरू करा दिया गया। नाराज किसानों और भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। बाद में पावर ग्रिड के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह के जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह ने बताया कि फतेहाबाद के गांव जरारी के उपग्राम डांडा में पावर ग्रिड की ओर से हाईटेंशन लाइन के पोल लगाए जा रहे हैं। जिन किसानों के खेतों में पोल लगाए जा रहे हैं, उनसे अब तक किसी अधिकारी ने संपर्क नहीं किया था और न ही किसी प्रकार का मुआवजा दिया गया था। इससे किसानों में नाराजगी बढ़ गई। किसानों का कहना था कि उनकी कृषि भूमि पर बिना सहमति के काम कराया जा रहा है, जिससे उन्हें नुकसान होगा। इसी को लेकर भाकियू पदाधिकारियों और किसानों ने काम कर रहे कर्मचारियों को रोक दिया। सूचना मिलने पर अधिकारी नूर आलम मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और जरूरी कागजात लेकर जल्द मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने के बाद किसान शांत हुए। इस दौरान बॉबी, सोबरन सिंह, जगदीश कुशवाह, भगवान दास कुशवाह, रामदास कुशवाह, जीतू, बीरी सिंह कुशवाह, बच्चू सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े
बरीपुरा यमुना घाट पर मिला 19 वर्षीय युवती का कंकाल, क्षेत्र में सनसनी
फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव बरीपुरा के यमुना घाट पर शुक्रवार शाम 19 वर्षीय युवती का कंकाल मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यमुना किनारे कंकाल पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची फतेहाबाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में कपड़ों के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान गुड़िया के रूप में की।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब चार बजे गांव बरीपुरा के यमुना घाट किनारे लोगों ने एक युवती का कंकाल पड़ा देखा। यह खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ और अन्य थानों को सूचना देने पर पता चला कि 15 अप्रैल को एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के मोती महल निवासी गुड़िया पुत्री कन्हैयालाल बेलनगंज पुल से कूद गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका था। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और वहां मिले कपड़ों के आधार पर कंकाल की पहचान अपनी 19 वर्षीय बेटी गुड़िया के रूप में की। प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान ने बताया कि पहचान के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

