• Tue. Apr 28th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

District Magistrate Manish Bansal presiding over Industry Bandhu Committee meeting in Agra reviewing development and industrial issues.आगरा में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में विकास और ट्रैफिक व्यवस्था पर चर्चा की गई।
Spread the love

आगरा। आगरा में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की विस्तृत बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं, विद्युत आपूर्ति, अतिक्रमण, सड़क एवं नाली निर्माण, निवेश परियोजनाओं और ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।

फाउंड्री नगर स्थित सैटेलाइट बस स्टेशन के शीघ्र शुभारंभ की जानकारी दी गई, जिससे अलीगढ़ और हाथरस की ओर से आने वाली बसों का संचालन वहीं से सुनिश्चित होगा और शहर में यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार आएगा। साथ ही भगवान टॉकीज, अबूलाला दरगाह और वाटरवर्क्स पर अवैध बस ठहराव को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में औद्योगिक विकास और शहर की आधारभूत व्यवस्थाओं से जुड़े कई अहम मामलों की समीक्षा की गई। बैठक में उद्यमियों द्वारा रखे गए प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में सबसे पहले गढ़ी महासिंह सब-स्टेशन, एत्मादपुर क्षेत्र से जुड़ी विद्युत आपूर्ति की समस्या पर चर्चा हुई। औद्योगिक इकाइयों ने बताया कि विद्युत लाइनों पर पेड़ों की टहनियों के संपर्क में आने से बार-बार ट्रिपिंग हो रही है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो रहा है।

इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग और वन विभाग से विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण की बात कही और समाधान के लिए पेड़ों की छंटाई तथा इंसुलेटेड केबल लगाने का सुझाव दिया। जिलाधिकारी ने वन विभाग को शीघ्र अनुमति देने और विद्युत विभाग को 6 किलोमीटर क्षेत्र में इंसुलेटेड केबल का प्रस्ताव अपने बिजनेस प्लान में शामिल करने के निर्देश दिए।

इसके बाद फाउंड्री नगर स्थित सैटेलाइट बस स्टेशन का मुद्दा रखा गया। क्षेत्रीय प्रबंधक, राज्य सड़क परिवहन निगम ने बताया कि बस स्टेशन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और इसका लोकार्पण जल्द किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा 138 करोड़ रुपये के विस्तारीकरण प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परिवहन मंत्री और जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर शीघ्र शुभारंभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस बस स्टेशन के शुरू होने से अलीगढ़ और हाथरस की ओर से आने वाली बसों का ठहराव वहीं होगा, जिससे शहर के मुख्य हिस्सों में ट्रैफिक दबाव कम होगा और जाम की समस्या में राहत मिलेगी।

बैठक में भगवान टॉकीज, अबूलाला दरगाह और वाटरवर्क्स क्षेत्रों में रोडवेज और प्राइवेट बसों के अनाधिकृत ठहराव से उत्पन्न जाम की समस्या पर भी गंभीर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने एसीपी ट्रैफिक और एसीएम को संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध बस ठहराव पर चालान, जुर्माना और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा अन्य राज्यों की बसों के अनाधिकृत ठहराव को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।

टेढ़ी बगिया से चार पुलिया तक नाले के निर्माण कार्य से उत्पन्न आवागमन समस्या पर भी विचार किया गया। नगर निगम ने बताया कि 55 लाख रुपये का आगणन तैयार कर लिया गया है और वित्तीय स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की देरी न हो और नागरिकों को वैकल्पिक मार्ग की सुविधा तुरंत उपलब्ध कराई जाए।

फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में E-29 से E-22 तक सड़क किनारे नाली निर्माण, जल निकासी और सड़क क्षति की समस्या पर भी समीक्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि कार्य प्रगति पर है और शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में मैसर्स एटी इम्पैक्स के सामने ग्रामीणों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण का मामला भी बैठक में उठा। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर और यूपीसीडा की संयुक्त टीम से पैमाइश कर अतिक्रमण चिन्हित करने तथा नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए।

भगवती बाग, फाउंड्री नगर क्षेत्र में सड़क, नाली, जल आपूर्ति और इंटरलॉकिंग कार्यों की भी समीक्षा की गई। नगर निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में स्टाम्प ड्यूटी छूट, निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण, एमओयू आधारित निवेश परियोजनाओं और जोनल प्लानिंग पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि उद्योगों से जुड़े मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

नुनिहाई औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन स्थापना का प्रस्ताव भी रखा गया, जिस पर जिलाधिकारी ने भूमि उपलब्धता की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला उद्योग बंधु समिति एक अत्यंत महत्वपूर्ण मंच है और इसमें उठाए गए प्रत्येक मामले को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बैठक में अधिकारी स्वयं उपस्थित होकर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर नगर आयुक्त, सीएफओ, उपायुक्त उद्योग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और समिति सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *