डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में “AI for Guaranteed Jobs” सेमिनार आयोजित
छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से रोजगारोन्मुखी कौशल का मिला मार्गदर्शन
भविष्य के करियर निर्माण और प्लेसमेंट की आधुनिक तकनीकों पर दिया गया प्रशिक्षण
आगरा। डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी कंप्यूटर सेंटर द्वारा शुक्रवार को “AI for Guaranteed Jobs” विषय पर एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति फेज-5, लेवल-2 के अंतर्गत Iklavya, नोएडा के सहयोग से संपन्न हुआ। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ना और उन्हें बदलते जॉब मार्केट के अनुरूप तैयार करना रहा। कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और इसे अपने करियर के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो आशु रानी के मार्गदर्शन में किया गया। सेमिनार की अध्यक्षता प्रो. अनिल कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने, निरंतर कौशल विकास करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीक आधारित है और जो विद्यार्थी स्वयं को लगातार अपडेट रखते हैं, वही भविष्य में सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने छात्रों से बदलते रोजगार बाजार को समझकर उसी के अनुरूप अपनी तैयारी करने पर जोर दिया
सेमिनार के मुख्य वक्ता आदित्य त्रिपाठी रहे, जो Iklavya के संस्थापक, स्टैनफोर्ड सीड लीडर और इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस के पूर्व छात्र हैं। वे भारत सरकार के साथ मिलकर 10 लाख करियर सृजन के लक्ष्य पर कार्य कर रहे हैं। अपने व्याख्यान में उन्होंने वर्तमान रोजगार परिदृश्य की वास्तविक स्थिति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज की कंपनियाँ केवल शैक्षणिक डिग्री को पर्याप्त नहीं मानतीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल और तकनीकी दक्षता को अधिक महत्व देती हैं।
आदित्य त्रिपाठी ने छात्रों को बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने AI टूल्स की सहायता से प्रभावी प्रोफाइल बनाने की तकनीक समझाई, जिससे छात्रों की चयन प्रक्रिया में सफलता की संभावना बढ़ सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि AI आधारित इंटरव्यू तैयारी, प्रभावी बॉडी लैंग्वेज, प्रोफेशनल प्रोफाइल निर्माण, सैलरी नेगोशिएशन और प्लेसमेंट रणनीति जैसे विषय आज के समय में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
सेमिनार के दौरान एक इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने अपने सवाल पूछे और वक्ताओं से व्यावहारिक समाधान प्राप्त किए। इस सत्र में छात्रों को करियर से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ मिलीं, जिससे उन्हें अपने भविष्य की दिशा को लेकर स्पष्टता प्राप्त हुई। छात्रों ने इस सत्र को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम का संचालन प्रेरणा मेहता द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे सेमिनार को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया। आयोजन के दौरान डॉ. मीनाक्षी चौधरी, ईर. सोनल पांडेय और डॉ. साधना सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को वास्तविक उद्योग जगत की आवश्यकताओं से जोड़ते हैं।
सेमिनार में शामिल छात्रों ने कहा कि इस कार्यक्रम से उन्हें यह समझने में मदद मिली कि आने वाला समय पूरी तरह तकनीक आधारित होगा और यदि वे अभी से AI एवं डिजिटल स्किल्स पर ध्यान दें तो बेहतर करियर अवसर प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि यदि युवा सही दिशा में तकनीक का उपयोग करें और अपने कौशल को लगातार विकसित करें तो वे न केवल अपने लिए बल्कि समाज और देश के लिए भी उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।

