किरावली (फतेहपुर सीकरी)। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत किरावली में शनिवार को जनसेवा और विकास को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनसेवा को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से स्थापित “सेवा तीर्थ नागरिक देवो भव” सांसद कार्यालय का विधि-विधान के साथ दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यालय के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त मंच मिलेगा तथा जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान सांसद राजकुमार चाहर ने फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए 95 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग (PWD) की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण तथा पर्यटन विभाग के विकास कार्यों का भूमि पूजन किया। इन योजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होगा और पर्यटन से जुड़े स्थलों का विकास भी नई गति से होगा।

सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार जनकल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उनका उद्देश्य है कि विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर क्षेत्र में सुशासन एवं विकास का वातावरण बने। उन्होंने कहा कि फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी क्षेत्र को नई विकास योजनाओं की सौगात मिलती रहेगी।

कार्यक्रम का संचालन गुड्डू चाहर, सोनू चौधरी और डोरीलाल इन्दोलिया ने किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति, अशोक राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाहा, पूर्व विधायक महेश गोयल, जितेंद्र वर्मा, कालीचरन सुमन, निर्मला दीक्षित, विजयलक्ष्मी चाहर, उपेन्द्र सिंह, मोहन सिंह चाहर, संजय चौहान, संतोष कटारा, शिवकुमार प्रमुख, संतोष सिकरवार, सतेंद्र यादव, राकेश लोधी, लाल सिंह लोधी, उत्तम काका, सोनू दिवाकर, राजू प्रधान, श्रीकांत त्यागी, सुधीर गर्ग, महेंद्र सिंह, इस्लाम, अशोक लवानिया, जगदीश मित्तल, देवेंद्र रावत, हीरा सिंह, राजेश कुशवाहा, उमाशंकर माहौर सहित पार्टी के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


