सूरसदन में पंचायती राज प्रधान जन संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन
आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूरसदन प्रेक्षागृह में पंचायती राज विभाग द्वारा आयोजित “पंचायती राज प्रधान/जन संवाद कार्यक्रम“ का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती और महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर की गई।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल की गरिमामई उपस्थिति रही। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 09 वर्ष पूर्ण होने पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योगी सरकार के नेतृत्व में राज्य तेजी से विकसित हो रहा है और अपराधियों व माफियाओं के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने ग्राम पंचायतों के विकास के लिए बजट की जानकारी देते हुए कहा कि पंचायती राज का बजट 13 लाख करोड़ से बढ़कर 36 लाख करोड़ हो गया है, जो विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध होने का संकेत है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि योगी सरकार ने सिंगापुर और जापान से भी यूपी में निवेश लाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि पुरानी सरकारों में अपराध और माफियाओं का राज था, जबकि आज यमुना एक्सप्रेस वे, लखनऊ एक्सप्रेस वे, गंगा एक्सप्रेस वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे और पूर्वांचल एक्सप्रेस वे सहित 20 से अधिक एक्सप्रेस वे से कनेक्टिविटी का नया युग आया है। उन्होंने महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुप, लखपति दीदी योजना, सीएम युवा योजना, ओडीओपी और पर्यटन क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति का उल्लेख किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने टी0बी मुक्त पंचायतों के ग्राम प्रधानों को पदक देकर सम्मानित किया। ग्राम प्रधान गिर्जा देवी को गोल्ड मेडल, गजेंद्र, छेदीलाल और राम प्रकाश को सिल्वर मेडल तथा शांति देवी, हाकिम सिंह वर्मा और लालवती देवी को कांस्य पदक प्रदान किए गए। इसके साथ ही जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायती राज विभाग के ग्राम पंचायत सचिव, पंचायत सहायक और सफाई कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीण स्तर पर मल्टीपरपज हॉल बनाने, खाली जमीनों पर क्रिकेट मैदान विकसित करने और ई-लाइब्रेरी स्थापित करने के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि इससे ग्राम पंचायतों को आय का मजबूत स्रोत मिलेगा और स्थानीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी। उन्होंने नाली-खड़ंजे की सफाई से आगे बढ़कर समग्र विकास पर फोकस करने की आवश्यकता पर जोर दिया और सामाजिक कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने सूचना विभाग द्वारा स्थापित चित्र प्रदर्शनी एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कृषि विभाग, खादी ग्राम उद्योग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, पशुधन विभाग, सेल्फ हेल्प ग्रुप और केनरा बैंक के स्टॉल शामिल थे। केंद्रीय मंत्री ने इन विभागों की उपलब्धियों और ग्रामीण विकास की योजनाओं की सराहना की।
कार्यक्रम में डीसी मनरेगा रामायण सिंह यादव, डीसी एनआरएलएम राजन राय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुकेश गुप्ता, लीड बैंक मैनेजर ऋषिकेश बनर्जी, जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार, जिला सूचना अधिकारी शीलेंद्र कुमार शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
09 दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन राष्ट्रगान “जन गण मन“ की प्रस्तुति के साथ केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल की उपस्थिति में भव्य रूप से किया गया। इस कार्यक्रम ने उत्तर प्रदेश में पंचायती राज के सशक्तिकरण, ग्राम स्तर पर विकास और सामाजिक सुधारों की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाया।


