• Fri. Apr 17th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News : आगरा में इंडिया स्किल्स 2025-26 नॉर्थ रीजनल प्रतियोगिता का उद्घाटन, प्रदेश के युवाओं ने पेश किया बेहतरीन कौशल और तकनीकी क्षमता

Participants showcasing their skills at India Skills 2025-26 North Regional Competition at Dr. Bhimrao Ambedkar University, AgraOver 360 participants from 5 northern states and 4 union territories displaying their technical skills during the India Skills 2025-26 North Regional Competition at Dr. Bhimrao Ambedkar University, Agra.
Spread the love

आगरा। योगी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को कौशलयुक्त बनाने और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के क्रम में ताजनगरी आगरा में ‘इंडिया स्किल्स 2025-26’ नॉर्थ रीजनल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 5 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों के 360 से अधिक प्रतिभागी 41 विभिन्न ट्रेडों में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ बुधवार की शाम को हुआ। उद्घाटन समारोह में विभिन्न राज्यों के युवाओं ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। मुख्य अतिथि कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के उप महानिदेशक अरुण कुमार ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को सीखने, अपनी प्रतिभा को निखारने और नए आयाम हासिल करने का अनूठा अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि यहां आने वाला प्रत्येक प्रतिभागी कुछ नया सीखकर, अनुभव प्राप्त करके और अपनी तकनीकी दक्षता बढ़ाकर अवश्य लौटेगा। समारोह के दौरान सभी राज्यों की टीमों ने मार्च पास्ट किया और प्रतिभागियों तथा निरीक्षकों को पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई।

इस चार दिवसीय प्रतियोगिता का भव्य समापन 14 मार्च को विजेताओं को सम्मानित करने के साथ होगा। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल 14 मार्च को आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और विजेताओं को पुरस्कार और सम्मान प्रदान करेंगे।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया स्किल्स’ जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे राष्ट्रीय तथा वैश्विक स्तर तक ले जाने का सुनहरा अवसर प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजनों से प्रदेश के युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे तकनीकी दक्षता के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार होते हैं।

गुरुवार को प्रतियोगिता के पहले चरण में प्रतिभागियों को उनके-उनके ट्रेड से संबंधित आधुनिक उपकरणों और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। तकनीकी विशेषज्ञों ने विभिन्न उपकरणों और तकनीकी उपकरणों की बारीकियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया, जिसके बाद मुख्य प्रतियोगिताएं प्रारंभ हुईं।

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से चयनित 30 मेधावी प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ये प्रतिभागी 15 विभिन्न स्किल्स में अपनी दक्षता और हुनर दिखा रहे हैं, जिनमें ब्यूटी थेरेपी, प्लंबिंग एंड हीटिंग, हेयर ड्रेसिंग, फैशन टेक्नोलॉजी, ब्रिकलेइंग और रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग जैसे महत्वपूर्ण और व्यावसायिक रूप से मांग वाले ट्रेड शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के निदेशक पुलकित खरे ने प्रदेश के प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘इंडिया स्किल्स’ प्रतियोगिता युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि मिशन का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को ‘वर्ल्ड स्किल्स कॉम्पिटिशन 2026’ जैसे वैश्विक मंच के लिए तैयार करना है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन कर सकें। यह क्षेत्रीय प्रतियोगिता न केवल युवाओं के कौशल का परीक्षण है, बल्कि उनके नवाचार, तकनीकी क्षमता और व्यावसायिक समझ को वैश्विक मानकों पर परखने का एक अत्यंत सशक्त माध्यम भी है।

प्रतियोगिता का यह मंच युवा प्रतिभाओं के लिए सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने कौशल को परखने का अभूतपूर्व अवसर प्रदान करता है। प्रतियोगिता के दौरान युवाओं ने न केवल अपनी दक्षता दिखाई, बल्कि एक-दूसरे से अनुभव साझा कर नवाचार और व्यवसायिक सोच को भी विकसित किया। यह आयोजन प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और तकनीकी विकास की दिशा में नई राह दिखाने वाला महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *