आगरा(ब्यूरो)। आगरा एवं मथुरा जिले में मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 के लिए तैयारी तेज कर दी गई है। राज्य सरकार द्वारा इस योजना को लागू करने का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को परिवहन सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। योजना के तहत वाहनों को परमिट अनिवार्यता से छूट दी गई है।
योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी। इस संबंध में जिलाधिकारी, आगरा और मथुरा की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। समिति में मुख्य विकास अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सदस्य के रूप में शामिल हैं। समिति का काम आवेदन प्राप्त करना, उनका परीक्षण करना और सफल आवेदनों का चयन करना होगा।
आगरा जिले में आवेदन जमा करने और प्राप्त करने के लिए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, ताज डिपो, आगरा और मथुरा जिले में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, मथुरा डिपो को सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है। आगरा में आवेदन ताज डिपो, निकट ईदगाह बस स्टेशन और मथुरा में मथुरा डिपो व कार्यशाला पर जमा किए जाएंगे।
संबंधित सहायक अधिकारी आवेदनों का विवरण रजिस्टर में दर्ज करेंगे। रजिस्टर में क्रमांक, दिनांक, आवेदन का समय, आवेदक का नाम और मोबाइल नंबर अंकित होंगे। प्रत्येक प्रविष्टि अधिकृत अधिकारी से प्रतिदिन हस्ताक्षरित कराई जाएगी। इसके साथ ही, प्रतिदिन प्राप्त होने वाले आवेदनों की प्रगति मुख्यालय द्वारा साझा की गई गूगल लिंक में अपडेट की जाएगी। इस संबंध में कार्यालय में जगदीश प्रसाद, का०स०प्र० (मोबाइल: 9027888668) को सूचना नोट करने के लिए निर्देशित किया गया है।
सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि योजना का नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया जाए और प्रेस, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के माध्यम से ग्रामीण स्तर तक इसका प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

