सदरवन में सर्राफ से नौ लाख के गहने लूटे, विरोध पर 10 मीटर तक घसीटते ले गए बाइक सवार बदमाश
आगरा। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के सदरवन इलाके में मंगलवार शाम बाइक सवार बदमाशों के दुस्साहस से सनसनी फैल गई। बिचपुरी से दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहे सर्राफ से बदमाशों ने नौ लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के जेवरात से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर बदमाश सर्राफ को बैग समेत करीब 10 मीटर तक घसीटते ले गए, जिससे वह घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी सिटी मौके पर पहुंच गए और पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है। सिकंदरा थाना क्षेत्र के गांव अटूस निवासी सर्राफ नीरेश सिंह की बिचपुरी कस्बे में सराफा की दुकान है। वह रोज की तरह दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। उन्होंने बैग कंधे पर लटका रखा था, जिसमें लगभग 60 ग्राम सोने के जेवरात और जरूरी प्रपत्र रखे थे।
जब वह दक्षिणी बाइपास स्थित सदरवन गांव के पास अंसल एपीआई के नजदीक पहुंचे, तभी काली अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाश पीछे से आए और झपट्टा मारकर बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बाइक पर पीछे बैठे दो बदमाशों ने उन्हें बाइक से नीचे गिरा दिया और बैग समेत करीब 10 मीटर तक घसीटते ले गए। इस दौरान सर्राफ के दोनों हाथ और घुटने जख्मी हो गए।
बैग लूटने के बाद बदमाश रुनकता की ओर फरार हो गए। घटना के बाद बिचपुरी पुलिस चौकी पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पीड़ित नीरेश सिंह ने बताया कि बैग में रखे 60 ग्राम सोने के जेवरात की कीमत नौ लाख रुपये से अधिक है, साथ ही उसमें जरूरी दस्तावेज भी थे। डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि बदमाशों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
