• Sun. Mar 1st, 2026

Today News Track

India #1 News Platform

Fatehabad Crime News: डौकी पुलिस और एसओजी की बड़ी कार्रवाई अंतरराज्यीय चोर गिरोह के छह शातिर गिरफ्तार

ByToday NewsTrack

Feb 15, 2026
Spread the love

फतेहाबाद। आगरा कमिश्नरेट की डौकी पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के छह शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से 22.500 किलोग्राम चांदी दो तमंचे दो कारतूस एक कटर मशीन और 17200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद चांदी की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

प्रेसवार्ता में  जानकारी देते डीसीपी पूर्वी

मुखबिर की सूचना पर तड़के घेराबंदी

डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि रविवार सुबह करीब 3 बजकर 45 मिनट पर डौकी पुलिस और सर्विलांस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि जंगजीत डिग्री कॉलेज के गेट के पास टूंडला रोड वाजिदपुर के समीप कुछ संदिग्ध लोग ऑटो में बैठकर भागने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छह लोगों को पकड़ लिया।

चोरों के कब्जे से बरामद सामान

गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम धर्मवीर और सत्यवीर पुत्र मूलचंद निवासी ग्राम गढ़ी निर्भय थाना पचोखरा जिला फिरोजाबाद मनोज पुत्र गोलीराम निवासी पुरानत्था झोरियन मेघराज पुत्र दीवान सिंह निवासी झोरियन थाना पिनाहट रामवीर पुत्र रामसिंह निवासी नगला दया थाना बसई मोहम्मदपुर जिला फिरोजाबाद तथा अनिल यादव पुत्र मुंशी यादव निवासी सुदामा नगर मुर्गेवाली थाना उत्तर जिला फिरोजाबाद बताए। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में चांदी हथियार और नकदी बरामद हुई।

दिल्ली में ज्वेलर्स की दुकान में डकैती को दिया अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि शनिवार को दिल्ली के आरके पुरम स्थित चौहान ज्वेलर्स की दुकान में डकैती की घटना को अंजाम दिया था। मेघराज दिल्ली में हलवाई का काम करता था और उसने ही ज्वेलर्स की दुकान की पहले रेकी की थी। योजना के तहत गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया और लूटी गई चांदी लेकर फरार हो गए।

आरोपियों ने यह भी बताया कि थाना शमसाबाद थाना निबोहरा थाना अछनेरा और बसई अरेला क्षेत्र में पहले रेकी कर अलग अलग घरों और दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाएं करते थे। चोरी किए गए माल को बेचकर रुपये आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के अनुसार रामवीर पर विभिन्न थानों में 10 मुकदमे दर्ज हैं। मेघराज पर 20 मुकदमे सत्यवीर पर 14 मुकदमे दर्ज हैं जबकि मनोज धर्मवीर और अनिल यादव पर अलग अलग थानों में सात सात मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह आगरा फिरोजाबाद समेत अन्य राज्यों में भी सक्रिय था।

गैंगस्टर की होगी कार्रवाई

डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि गिरोह सुनियोजित तरीके से पहले रेकी करता था और फिर वारदात को अंजाम देता था। बरामद चांदी की कीमत करीब 50 लाख रुपये है जो बड़ी आपराधिक साजिश की ओर इशारा करती है।

उन्होंने कार्रवाई में शामिल पुलिस और सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किए जाने की घोषणा की। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है और पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।

#AgraPolice #DaukiPolice #InterstateGang #SilverRecovery #DelhiRobbery #CrimeNews #UPPolice #AgraNews #FirozabadCrime #GangsterAct

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *