• Mon. Mar 2nd, 2026

Today News Track

India #1 News Platform

फतेहाबाद न्यूज: फतेहाबाद में किसान पाठशाला: आधुनिक कृषि और सरकारी योजनाओं पर चर्चा

Spread the love

फतेहाबाद। गांव गुबरौठ में शनिवार को किसान पाठशाला का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और आय बढ़ाने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों तक खेत पर ही खेती से जुड़ी उपयोगी जानकारी पहुंचाना और उन्हें आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ना रहा।

Farmer Pathshala organized by Agriculture Department in Fatehabad village
किसान पाठशाला में उपस्थित किसान

किसान पाठशाला में उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार ने कहा कि खेती-किसानी ही देश की आत्मा है और किसानों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी सीधे खेतों पर पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि रबी फसलों के आच्छादन और उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ कृषि के साथ बागवानी, मत्स्य पालन और पशुपालन को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य किसानों की आमदनी दोगुनी करना है और इसके लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम में किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। दैवीय आपदा से फसल क्षति की स्थिति में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल बीमा कराने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही किसानों को फॉर्मर रजिस्ट्री के महत्व से अवगत कराते हुए इसे अनिवार्य रूप से बनवाने की अपील की गई। पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत सोलर ऊर्जा के उपयोग से सिंचाई और बिजली खर्च कम करने की जानकारी भी दी गई।

गांव गुबरौठ में किसान पाठशाला में जानकारी देते कृषि उपनिदेशक

बीज भंडार प्रभारी राजवीर सिंह ने किसानों को कृषि में विविधीकरण पर जोर देते हुए सरसों, आलू की खेती और पशुपालन के माध्यम से आय बढ़ाने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ नई तकनीकों को अपनाने से खेती अधिक लाभकारी बन सकती है।

किसानों को रबी फसलों में समन्वित पोषक तत्व प्रबंधन और उर्वरकों के संतुलित उपयोग की जानकारी भी दी गई, जिससे लागत कम कर उत्पादन बढ़ाया जा सके। गांव गुबरौठ के प्रगतिशील किसान अरविन्द शर्मा और पूर्व ग्राम प्रधान अवधेश शर्मा ने उन्नत कृषि से जुड़े अपने अनुभव साझा किए, जिससे अन्य किसानों को भी प्रेरणा मिली।

किसान पाठशाला में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। इस अवसर पर कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक भानुदय सिंह और भुवनेश गौतम ने भी विभागीय योजनाओं और नवीनतम कृषि तकनीकों की जानकारी किसानों को दी।

#FatehabadNews #FarmerPathshala #AgricultureNews #FarmersTraining #UPNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *