आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय की प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण पहल की गई, जिसमें एक्सपर्टबेल्स कंपनी को परिसर चयन हेतु आमंत्रित किया गया।
इस प्लेसमेंट ड्राइव में सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन क्षेत्र के विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों में अभियांत्रिकी, बीसीए, एमसीए, एमएससी (कंप्यूटर विज्ञान), बीबीए तथा एमबीए के विद्यार्थी शामिल रहे। कंपनी की ओर से कार्तिक एवं खुशी गुप्ता उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का मूल्यांकन संप्रेषण कौशल, व्यक्तित्व, तकनीकी ज्ञान तथा समग्र दक्षता के आधार पर किया। प्रथम चरण में कुल 105 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनके साक्षात्कार सफलतापूर्वक संपन्न हुए। परिणाम शीघ्र घोषित किए जाएंगे।
प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. अनिल कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को भविष्य में ऐसे अवसरों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। संपूर्ण ड्राइव का समन्वय प्रेरणा मेहता द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. मीनाक्षी चौधरी, डॉ. रुचिरा प्रसाद, डॉ. स्वाति माथुर, डॉ. श्वेता गुप्ता, नीतू काबरा, अनुपमा पारस तथा प्रशांत कुमार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
