उल्लेखनीय है कि 23 जनवरी को ट्रांस यमुना कॉलोनी में राज चौहान की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के लिए आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और लगातार उनकी तलाश में दबिश दी जा रही थी।
पुलिस के अनुसार गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे बमरौली कटारा पुलिस टीम एत्मादपुर–मदरा अंडरपास के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो एक युवक ने अचानक पुलिस पर फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही आरोपी मदरा रोड पर लड़खड़ाकर गिर पड़ा।
घायल आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया गया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। मुठभेड़ के दौरान दूसरा आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार ने बताया कि घायल अवस्था में पकड़ा गया आरोपी विष्णु पंडित उर्फ भुल्ला पुत्र किशन कुमार, निवासी कालिंदी विहार मोती कुंज, थाना ट्रांस यमुना है, जो राज चौहान हत्याकांड में सक्रिय रूप से शामिल था। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वहीं, गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी की पहचान शिवांश शर्मा पुत्र अजय शर्मा, निवासी नगला किशन लाल, टेढ़ी बगिया के रूप में हुई है। उसके पास से भी एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, अवैध हथियार रखने और पुलिस पर जानलेवा हमला करने सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस टीम आरोपियों से गहन पूछताछ कर हत्याकांड में शामिल अन्य सहयोगियों और साजिश से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से राज चौहान हत्याकांड का बड़ा खुलासा हुआ है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
#RajChauhanMurderCase #PoliceEncounter #FatehabadNews #AgraCrime #UPPolice #CrimeNews #EncounterNews #BreakingNews #AgraNews #UPCrime