• Thu. Sep 3rd, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News स्वास्थ्य शिविर में 137 बच्चों और युवाओं की हुई जांच, बनाए गए आयुष्मान कार्ड

Spread the love

आगरा। स्वास्थ्य विभाग आगरा ने वयस्कों और बच्चों के सर्वांगीण विकास, उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझते हुए रविवार को आंगनवाड़ी केंद्र, नगला हवेली में एक वृहद स्वास्थ्य, स्क्रीनिंग और जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में क्षेत्रीय लोगों के लिए स्वास्थ्य परामर्श, स्क्रीनिंग और जागरूकता का व्यापक कार्यक्रम रखा गया।

स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन पूर्व प्रोफेसर केंद्रीय हिंदी संस्थान डॉ. प्रमोद कुमार रावत ने किया। शिविर का संचालन चिकित्सा अधिकारी और कार्यक्रम के नोडल डॉ. पीयूष जैन के दिशा निर्देशन में हुआ। डॉ. जैन के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने उपस्थित लोगों की स्वास्थ्य जाँच की और उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। टीम में डॉ. हर्षित, डॉ. रोहित, डॉ. गीता, डॉ. यतेंद्र डागुर, डॉ. विलाल, राजेश, अनिल यदुवंशी और ओमलता शामिल थे।


शिविर में विशेष रूप से कैंसर (ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल) और क्षय रोग की स्क्रीनिंग पर ध्यान दिया गया। तीन मरीजों को ओरल कैंसर की संभावना देखते हुए अग्रिम जाँच के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसके अलावा ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, लिवर रोग, डायबिटीज, घुटनों का दर्द, थायरॉइड, दांतों की शिकायतें, सर्दी, खांसी और बुखार जैसी सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की जाँच की गई। बच्चों के स्वास्थ्य और आहार के बारे में भी विशेषज्ञों ने परामर्श दिया।


स्वास्थ्य शिविर में कुल लगभग 137 लोगों ने स्वास्थ्य परामर्श लिया। उपस्थित लोगों को उनके आहार, जीवनशैली और रोगों की रोकथाम से संबंधित जानकारी दी गई। शिविर में आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी प्रदान की गई, जिससे क्षेत्रीय जनता को सरकारी स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

इस शिविर को सफल बनाने में सामाजिक संस्था आयुष्मान ट्रस्ट के सदस्यों डॉ. रचना सिंह, संजय अग्रवाल, अमित यादव, पल्लवी, लिली अग्रवाल, अमित अग्रवाल और दीपा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही सिविल डिफेंस के सदस्यों आशीष, आकिब, छवि और देवेंद्र ने शिविर के आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने शिविर के प्रबंधन, उपकरणों की व्यवस्था और मरीजों का मार्गदर्शन सुनिश्चित किया।


डॉ. पीयूष जैन ने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर न केवल मौजूदा रोगों की पहचान करने में सहायक हैं, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जाँच और समय पर परामर्श से गंभीर रोगों को रोकने में मदद मिलती है।

#AgraNews #HealthCamp #PublicHealth #CancerScreening #TBScreening #AyushmanCard #CommunityHealth #NaglaHaveli #HealthcareAwareness

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *