आगरा। जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि (30 जनवरी) से स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान शुरू होगा, जो 14 फरवरी तक चलने वाला है। इस अभियान का उद्देश्य कुष्ठ रोग के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाना और समय पर निदान व उपचार से रोगियों को बचाना है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरूण श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के दौरान ब्लॉक स्तर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सीएमओ ऑफिस, प्रशासनिक अधिकारी और ग्राम प्रधान जिलाधिकारी का संदेश जनता को पढ़कर सुनाएंगे और जागरूकता संबंधित अपील करेंगे।
ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे और स्कूलों में भी स्पर्श कुष्ठ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से सभी लोग एकजुट होकर कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक होकर इसे हराकर मुक्ति पा सकते हैं।
जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार लवानिया ने बताया कि अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक जनपद में कुल 74 नए कुष्ठ मरीज खोजे गए हैं। इनमें पीबी-(पॉसी बेसिलरी) 15 और एमबी-(मल्टी बेसिलरी) 59 मरीज हैं, जिनका उपचार सभी सरकारी अस्पतालों में शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग माइक्रोबैक्टीरियम लैप्री नामक जीवाणु के कारण होता है, यह आनुवांशिक या छुआछूत रोग नहीं है। समय पर जांच और उपचार कराने से विकलांगता से बचा जा सकता है।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. ध्रुव गोपाल ने बताया कि राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कुष्ठ मुक्त भारत का सपना साकार करने के लिए रोगियों के परिवार के स्वस्थ व्यक्तियों और आसपास के 10 घरों के स्वस्थ व्यक्तियों (कॉन्टेक्टस) को रिफामपसिन दवा की सिंगल सुपरवाइज्ड डोज दी जाएगी।
यह दवा बैक्टीरिया को 99.99 प्रतिशत तक खत्म कर देती है और इसके कोई दुष्प्रभाव नहीं हैं। उन्होंने बताया कि शारीरिक विकृति और कुरुपता ही कुष्ठ रोग के प्रति भय और सामाजिक घृणा का मुख्य कारण हैं। नियमित और समय पर उपचार से विकृतियों को रोका जा सकता है और रोग का निर्मूलन संभव है।
कुष्ठ रोग के सामान्य लक्षण:
-
शरीर पर कोई भी दाग-धब्बा जिस पर सुन्नपन हो, जिसमें खुजली न हो और पसीना न आए
-
कान की पाली का मोटा होना या कान पर गांठे
-
हथेली और तलवों पर सुन्नपन
-
नसों में मोटापन और दर्द
उपचार:
-
पीबी-(पॉसी बेसिलरी) मरीजों का इलाज छह माह तक
-
एमबी-(मल्टी बेसिलरी) मरीजों का इलाज 12 माह तक
जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि अभियान में सहयोग करें और कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता फैलाकर इसे हराने में मदद करें।
#SparshLeprosyCampaign #LeprosyAwareness #AgraHealth #PublicHealthIndia #LeprosyFreeIndia #RifampicinTreatment #HealthAwareness #PBandMBLeprosy #CommunityHealth #AgraNews


.jpeg)