• Fri. Mar 6th, 2026

TODAY News Track

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

AgraTraffic Update News:आगरा में ट्रैफिक सुधार को लेकर बड़ा फैसला, सड़कों से लेकर बस अड्डों तक बदलेगी व्यवस्था, मीटिंग में कमिश्नर ने दिए सख्त आदेश

Spread the love

 यातायात सुधार को लेकर सख्त निर्देश, मेट्रो कार्य, बस अड्डों और एक्सप्रेस-वे पर फोकस

आगरा। जनपद आगरा में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से मंडल आयुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में मेट्रो निर्माण, सड़कों की स्थिति, बस अड्डों का संचालन, ट्रैफिक नियंत्रण और एक्सप्रेस-वे से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में परियोजना निदेशक, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, आगरा ने अवगत कराया कि माल रोड और एमजी रोड पर आगरा कॉलेज तक मेट्रो से संबंधित कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। इस पर मंडल आयुक्त ने निर्देश दिए कि यातायात को नियंत्रित रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर मार्शल तैनात किए जाएं और 20 मार्शल यातायात पुलिस को उपलब्ध कराए जाएं। इसके साथ ही जिन स्थानों पर मेट्रो विभाग द्वारा बैरीकेटिंग हटा दी गई है, वहां सड़कों की मरम्मत और क्षतिग्रस्त फुटपाथ के पुनर्निर्माण के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर यह बताया जाए कि कार्य कब शुरू होगा और कब तक पूरा किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन से संबंधित साइनेज लगाए जाने के भी निर्देश दिए गए।


नगर आयुक्त ने बैठक में बताया कि मेट्रो द्वारा कई ऐसे स्थानों पर भी बैरीकेटिंग कर दी गई है, जहां अभी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इस पर निर्देश दिए गए कि जिन स्थानों पर फिलहाल कार्य प्रारंभ नहीं होना है, वहां आवश्यकता के अनुसार बैरीकेटिंग कम की जाए या हटाई जाए, ताकि यातायात बाधित न हो।


एमजी रोड पर 144 पेड़ों के पातन की अनुमति उच्चतम न्यायालय से अब तक न मिलने के कारण मेट्रो कार्य प्रभावित होने की जानकारी भी बैठक में दी गई। इस पर मंडल आयुक्त ने परियोजना निदेशक को निर्देश दिए कि उच्चतम न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर शीघ्र अनुमति प्राप्त करना सुनिश्चित करें, जिससे कार्य में आ रही बाधा दूर हो सके।

बैठक में अबूलाला दरगाह क्षेत्र में बस ले-बाई बनाए जाने का मुद्दा भी उठा। सम्भागीय परिवहन अधिकारी, आगरा, परियोजना निदेशक उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, आगरा और क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, आगरा को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर स्थल चिन्हित करने और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

कुबेरपुर क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा निजी बस अड्डा संचालित किए जाने की जानकारी पर मंडल आयुक्त ने नाराजगी जताई। सम्भागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि इस संबंध में जांच कर पत्रावली पर आख्या प्रस्तुत करें। वहीं क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को कुबेरपुर पर बस अड्डा व्यवस्थित रूप से संचालित किए जाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

यमुना एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग और इनर रिंग रोड पर अन्य जनपदों जैसे ग्वालियर, भरतपुर, हाथरस और धौलपुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए साइनेज लगाए जाने के संबंध में पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई। इस विषय पर संबंधित विभागों के साथ एक अलग बैठक निर्धारित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यातायात को लेकर भ्रम की स्थिति समाप्त की जा सके।

बैठक में जेपी इन्फ्राटेक के प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि एक्सप्रेस-वे पर वाहन स्वामियों से किलोमीटर के आधार पर टोल टैक्स वसूली की प्रक्रिया चल रही है। इस पर निर्देश दिए गए कि अब तक की गई कार्यवाही का पूरा विवरण प्रस्तुत किया जाए।

अपर पुलिस आयुक्त यातायात, आगरा और परियोजना निदेशक, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, आगरा को यातायात नियंत्रण के लिए लगाए गए कार्मिकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि व्यवस्था की प्रभावी समीक्षा की जा सके।

बैठक में नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल, अपर पुलिस आयुक्त यातायात हिमांशु गौरव, आरटीओ प्रवर्तन अखिलेश द्विवेदी, आरटीओ प्रशासन अरुण कुमार, रोडवेज मैनेजर बीपी अग्रवाल, एसीपी ट्रैफिक राम प्रवेश गुप्ता, आगरा मेट्रो परियोजना निदेशक अरविन्द कुमार राय, जेपी इन्फ्राटेक के प्रतिनिधि आरबी सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर समयबद्ध और समन्वित कार्यवाही पर विशेष जोर दिया गया।

#AgraTraffic

#AgraMetro

#TrafficUpdate

#UPNews

#AgraAdministration

#YamunaExpressway

#PublicTransport

#CityInfrastructure

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *