आगरा। खादी के कपड़ों से लेकर हस्तशिल्प और घरेलू उपयोग की वस्तुओं तक, प्रदेश के अलग-अलग जिलों के उत्पादों की खरीदारी अब एक ही स्थान पर कर सकेंगे। बल्केश्वर पार्क में शनिवार को केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने खादी एवं ग्रामोद्योग महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित यह महोत्सव 28 नवंबर से सात दिसंबर तक चलेगा।
इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए शिल्पकारों और उद्यमियों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। महोत्सव में खादी वस्त्र, हस्तशिल्प, ग्रामोद्योग के उत्पाद और घरेलू उपयोग की वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध हैं। केंद्रीय मंत्री ने स्टालों का अवलोकन कर उत्पादों की सराहना की और लोगों से खादी खरीदकर स्वदेशी को बढ़ावा देने की अपील की।https://todaynewstrack.com/2026/11/khadi-kapdon-se-agra-pethe-tak-ek-chhat-ke-neeche-up-ka-hunar-agra-today-newstrack/
केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने शनिवार को बल्केश्वर पार्क में दीप प्रज्ज्वलित करने और फीता काटने के बाद महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगी विभिन्न स्टालों पर जाकर खादी उद्यमियों और शिल्पकारों की ओर से तैयार किए गए उत्पाद देखे।

उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता और कीमतों की जानकारी ली। साथ ही उद्यमियों के स्वनिर्मित सामान की सराहना की। उन्होंने कहा कि आमजन को खादी उत्पादों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। इससे स्थानीय शिल्पकारों, बुनकरों और छोटे उद्यमियों को बाजार मिलेगा और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा।
महोत्सव में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए शिल्पकारों ने अपने उत्पादों के स्टाल लगाए हैं। यहां एक ही परिसर में शुद्ध खादी वस्त्र, हस्तशिल्प, ग्रामोद्योग से तैयार सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और अन्य आकर्षक उत्पाद उपलब्ध हैं।
आयोजकों के अनुसार, उत्पादों की कीमतें आम लोगों की पहुंच में रखी गई हैं, जिससे उपभोक्ता सीधे शिल्पकारों और उद्यमियों से खरीदारी कर सकें। महोत्सव का उद्देश्य खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के साथ शिल्पकारों और बुनकरों को सीधे बाजार उपलब्ध कराना तथा आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी की भावना को मजबूत करना है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के खादी, ग्रामोद्योग और हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। यहां उचित कीमत पर सामान मिल रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदर्शनी में 1300 से 1400 रुपये तक की जैकेट उपलब्ध है, जबकि इतनी कीमत तो कई बार टेलर केवल सिलाई के लिए ले लेता है। ऐसे में लोगों को यहां आकर खरीदारी करनी चाहिए और खादी को बढ़ावा देना चाहिए।
उन्होंने खादी के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि खादी का देश की आजादी के संघर्ष से गहरा जुड़ाव रहा है। महात्मा गांधी ने खादी को विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार के हथियार के रूप में इस्तेमाल किया था। आजादी की लड़ाई में खादी और चरखे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समय के साथ खादी का स्वरूप बदला है, लेकिन इसका महत्व आज भी बना हुआ है। देश में लघु और कुटीर उद्योगों के माध्यम से प्रत्येक जिले में कोई न कोई विशेष उत्पाद तैयार किया जाता है, जिसकी अपनी अलग पहचान है।http://khadi-mahotsav-2026-agra-up-ke-hunar-ki-ek-chhat-today-newstrack
प्रो. बघेल ने एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के हर जिले का अपना विशिष्ट उत्पाद है। आगरा में लेदर के सामान, पेठे और पत्थर पर वर्क की पहचान है। मथुरा में ठाकुरजी की पोशाकें तैयार की जाती हैं, हाथरस हींग के लिए जाना जाता है और अलीगढ़ का ताला प्रसिद्ध है।

इसी तरह मेरठ की कैंची, भदोही के कालीन और मिर्जापुर के उत्पादों की भी अपनी पहचान है। उन्होंने कहा कि हर जिले का अपना एक सिग्नेचर उत्पाद है, जिनकी पहुंच निर्यात तक है। ऐसे आयोजनों से उत्पाद तैयार करने वाले उद्यमियों और खरीदारी करने वाले उपभोक्ताओं, दोनों को लाभ मिलता है।
केंद्रीय मंत्री ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीदारी से शिल्पकारों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही देश में तैयार वस्तुओं को बाजार उपलब्ध होगा। महोत्सव में खरीदारी कर लोग स्वदेशी को बढ़ावा देने में अपनी भागीदारी निभा सकते हैं।
दस दिवसीय महोत्सव में खरीदारी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजकों की ओर से भजन संध्या, सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियां, मयूर नृत्य, ब्रज की सांस्कृतिक झलक और शिवमय प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

इसके अलावा खादी फैशन शो, संगीत संध्या और अन्य मनोरंजक कार्यक्रम भी होंगे। आयोजकों ने जनपदवासियों से परिवार और मित्रों के साथ महोत्सव में पहुंचने तथा खरीदारी कर शिल्पकारों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
कार्यक्रम में पार्षद मुरारीलाल अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रदर्शनी के आयोजक अनिल कुमार, जिला एवं परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, आगरा मंडल, नीतू यादव, जिला एवं परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, कानपुर मंडल, अनीता गुप्ता, लेखा परीक्षक, मुख्यालय लखनऊ तथा जिला ग्रामोद्योग कार्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
